crime
पिस्टल लहराकर राहगीरों को धमका रहा था आदतन अपराधी:नौरोजाबाद में पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार
उमरिया के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र के बाजारपुरा में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक आदतन अपराधी पिस्टल लहराते हुए लोगों को डराने-धमकाने लगा। इसकी सूचना मुखबिर के जरिए नौरोजाबाद पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हुई और सहायक उप निरीक्षक ब्रजभूषण गौतम पुलिस बल के साथ तुरंत बाजारपुरा पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी की तलाश शुरू की। चांद प्रेस के पीछे घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी शीतल उर्फ फुकलु कोल को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस मिला। रविवार को पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी शीतल उर्फ फुकलु कोल नौरोजाबाद की मुंडी खोली का रहने वाला है। उसके खिलाफ नौरोजाबाद थाने में पहले भी गंभीर अपराध दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। सार्वजनिक जगह पर पिस्टल लहराकर लोगों को धमकाने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस की तेज कार्रवाई से आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया गया। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और हथियार उसके पास कैसे पहुंचा, इस बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
Read full article on Bhaskar