education
प्रयागराज सीएमपी में नए एलएलबी छात्रों की पढ़ाई शुरू:संविधान और कानून की दी जानकारी, छात्रों को बताए अधिकार और कर्तव्य
प्रयागराज के सीएमपी डिग्री कॉलेज के विधि विभाग और विधिक सहायता एवं सेवा केंद्र ने नए एलएलबी प्रथम सेमेस्टर के छात्रों के लिए पांच दिन का 'दीक्षारंभ' और ओरिएंटेशन कार्यक्रम मंगलवार को शुरू किया। विधि विभाग के कमरा नंबर-1 में हुए कार्यक्रम में छात्रों को कानून की पढ़ाई के साथ उनके अधिकार, जिम्मेदारियां और कॉलेज की व्यवस्थाओं के बारे में बताया गया। कार्यक्रम के पहले दिन दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रुचिता चक्रवर्ती ने 'संवैधानिक अधिकार और न्याय तक पहुंच' विषय पर छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने संविधान से मिलने वाले अधिकार, कानून का शासन और सभी को समान न्याय मिलने के बारे में बताया। डॉ. चक्रवर्ती ने कहा कि कानून की पढ़ाई को सिर्फ डिग्री या नौकरी तक सीमित नहीं रखना चाहिए। इसे न्याय, समानता और समाज के प्रति जिम्मेदारी से जोड़कर देखना चाहिए। कार्यक्रम के दूसरे चरण में छात्रों को कॉलेज की खास समितियों और उनकी जिम्मेदारियों के बारे में बताया गया। प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य डॉ. अमित मिश्रा ने छात्रों को अनुशासन, परिसर में व्यवहार और जिम्मेदार छात्र जीवन के बारे में जानकारी दी। एंटी रैगिंग सेल के सदस्य डॉ. पूर्णेंदु मिश्रा ने रैगिंग रोकने, शिकायत करने की प्रक्रिया और कॉलेज की जीरो-टॉलरेंस नीति के बारे में बताया। स्टूडेंट ग्रीवांस रिड्रेसल सेल की सदस्य डॉ. रितु रघुवंशी ने छात्रों को शिकायतों को हल करने के तरीके और मदद के बारे में बताया। इसके बाद छात्रों के सवालों के जवाब भी दिए गए। विधि विभाग के संयोजक प्रो. शिव शंकर सिंह ने नए छात्रों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दीक्षारंभ सिर्फ पढ़ाई की शुरुआत नहीं है। इसके जरिए छात्रों को विभाग की पढ़ाई की व्यवस्था, अनुशासन और पेशेवर जिम्मेदारियों से परिचित कराया जा रहा है। विधिक सहायता एवं सेवा केंद्र के संयोजक डॉ. रमेश कुमार भारती ने बताया कि कानून की पढ़ाई का मकसद सिर्फ कानूनी जानकारी देना नहीं है। इसका उद्देश्य छात्रों में न्याय की समझ, संविधान की चेतना और समाज के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना भी है। उन्होंने यह भी बताया कि यह कार्यक्रम 22 से 28 सितंबर तक पांच दिन चलेगा।
Read full article on Bhaskar