top
प्रयागराज से दिल्ली जा रहे विमान का हवा में इंजन-फेल:40 लोगों की अटकी सांसे, IGI पर इमरजेंसी लैंडिंग, दो सप्ताह में विमान से जुड़ी दूसरी घटना
प्रयागराज से दिल्ली जा रहे अलायंस एयर के विमान में शुक्रवार दोपहर हवा में तकनीकी खराबी आ गई। विमान के दो इंजनों में से एक के काम करना बंद करने के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में क्रू मेंबर्स समेत 40 लोग सवार थे। सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं। अलायंस एयर की उड़ान संख्या 9I 698 ने शुक्रवार दोपहर करीब 12:33 बजे प्रयागराज से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। दिल्ली पहुंचने से पहले मेरठ के आसपास विमान के पायलट को एक इंजन में तकनीकी दिक्कत महसूस हुई। इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। ATC को सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी विमान में तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर पूरी इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए एयरपोर्ट पर सभी जरूरी इंतजाम किए गए। करीब 2:15 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान के रनवे पर पहुंचते ही एयरपोर्ट प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियों ने राहत की सांस ली। विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सुबह बिलासपुर से प्रयागराज पहुंचा था विमान सूत्रों के मुताबिक, जिस विमान में इंजन संबंधी तकनीकी खराबी आई, वह शुक्रवार सुबह 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए रवाना हुआ था। विमान ने करीब 11:58 बजे प्रयागराज एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। कुछ देर रुकने के बाद विमान ने दोपहर 12:33 बजे प्रयागराज से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। रास्ते में मेरठ के आसपास पायलट को विमान में तकनीकी समस्या महसूस हुई। इसके बाद ATC को इसकी जानकारी दी गई और विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की प्रक्रिया शुरू की गई। DGCA ने दिए जांच के आदेश घटना के बाद विमानन नियामक संस्था DGCA ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि विमान के इंजन में तकनीकी खराबी किस वजह से आई और उड़ान से पहले विमान की तकनीकी जांच में कोई खामी तो नहीं थी। दो सप्ताह में अलायंस एयर के विमान से जुड़ी दूसरी गंभीर घटना अलायंस एयर के विमानों में तकनीकी खराबी की यह करीब दो सप्ताह में दूसरी गंभीर घटना है। इससे पहले 28 अगस्त को दिल्ली से बिलासपुर पहुंची अलायंस एयर की उड़ान संख्या 9I 613 के साथ बड़ा हादसा होते-होते बचा था। बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान का बायां टायर फट गया था। टायर फटने के बाद रनवे पर चिंगारी उठी और तेज घर्षण हुआ। हालांकि पायलट की सूझबूझ से विमान अनियंत्रित नहीं हुआ। उस विमान में 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर्स सवार थे। सभी सुरक्षित रहे। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद अलायंस एयर के विमानों के रखरखाव और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सरकारी कंपनी है अलायंस एयर अलायंस एयर भारत की प्रमुख क्षेत्रीय एयरलाइंस में शामिल है। देश की ज्यादातर एयरलाइंस निजी हाथों में हैं, जबकि अलायंस एयर सरकारी स्वामित्व वाली एयरलाइन है। इसकी स्थापना 1996 में इंडियन एयरलाइंस की सहयोगी कंपनी के रूप में हुई थी। बाद में यह एयर इंडिया की सहायक कंपनी बनी। वर्ष 2021-22 में केंद्र सरकार ने एयर इंडिया का निजीकरण कर उसे टाटा ग्रुप को सौंप दिया था। हालांकि, अलायंस एयर को इस सौदे में शामिल नहीं किया गया। अलायंस एयर का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार की 'उड़ान' योजना के तहत छोटे शहरों को बड़े महानगरों से हवाई मार्ग से जोड़ना है। एयरलाइन बिलासपुर, शिमला, कुल्लू जैसे शहरों को हवाई सेवा से जोड़ती है। इसके बेड़े में मुख्य रूप से ATR और डोर्नियर विमान शामिल हैं।
Read full article on Bhaskar