crime
प्रयागराज में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़:छह दोस्त गिरफ्तार, मास्टर की से चोरी कर दूसरे राज्यों में बेचते थे
प्रयागराज के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने एक वाहन चोर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आपस में दोस्त हैं और नवाबगंज क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनके पास से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें और एक खुला हुआ मोटरसाइकिल इंजन बरामद किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रौनक कश्यप उर्फ निर्भय कश्यप, भारत लाल उर्फ नाटे मिस्त्री, राजेश पटेल, मोहम्मद आजाद, सनी यादव और मोहम्मद परवेज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह पहले भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बाइकों की रेकी करता था। चोरी करने से पहले वे बाइक के आसपास काफी देर तक रुककर मौका देखते थे। मौका मिलते ही मास्टर की का उपयोग कर बाइक का लॉक खोलते और उसे लेकर फरार हो जाते थे। चोरी के बाद बाइक की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट बदल दी जाती थी, या बिना नंबर प्लेट के ही इस्तेमाल किया जाता था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की गई बाइकों का इस्तेमाल अन्य इलाकों में नई बाइकों को निशाना बनाने के लिए करते थे। जब उनके पास कई मोटरसाइकिलें जमा हो जाती थीं, तो उन्हें दूसरे राज्यों में ले जाकर बेच देते थे। प्राप्त राशि को वे आपस में बांट लेते थे। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के कई मामले दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक के बारे में जानकारी मिली, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पता चला, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर राम आश्रय यादव की टीम ने 24 अगस्त को पोलो ग्राउंड मजार के आगे न्यायमूर्ति चौराहे के पास आरोपियों को गिरफ्तार किया। बरामद पांच बाइकों में स्प्लेंडर प्लस और होंडा हॉर्नेट मॉडल शामिल हैं। कुछ बाइकों पर फर्जी नंबर प्लेट और बदले हुए चेचिस नंबर भी पाए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में रौनक कश्यप के खिलाफ नवाबगंज में बाइक चोरी समेत दो मामले दर्ज हैं। मोहम्मद आजाद का आपराधिक इतिहास सबसे लंबा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, आर्म्स एक्ट और लूट समेत कई मामले दर्ज हैं। सनी यादव के खिलाफ चोरी का मुकदमा और मोहम्मद परवेज के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Read full article on Bhaskar