top
पुलिस फॉलोअर की मौत के बाद परिवार परेशान:इलाज में घर गिरवी रखा, अब एसपी ऑफिस के चक्कर लगा रहे परिजन
मैनपुरी पुलिस विभाग में फॉलोअर के पद पर काम करने वाले अशोक कुमार की मौत के करीब सात महीने बाद भी उनके परिवार को कोई आर्थिक मदद नहीं मिल पाई है। मृतक की मां मुन्नी देवी और भाई कृष्ण कुमार ने पुलिस अधीक्षक को एक आवेदन देकर विभाग से मदद, पैसे की सहायता और अशोक की जगह परिवार के किसी सदस्य को नौकरी देने की मांग की है। परिवार का कहना है कि बेटे के इलाज में इतना खर्च हुआ कि उन्हें अपना घर तक गिरवी रखना पड़ा, लेकिन अब तक उन्हें कोई सहायता नहीं मिली है। मुन्नी देवी ने बताया कि उनका बड़ा बेटा अशोक कुमार पुलिस विभाग में फॉलोअर था। वह काफी समय से बीमार चल रहा था। जब उसकी हालत बिगड़ी, तो परिवार उसे अपने साथ ले गया और इलाज कराया। इलाज के दौरान परिवार ने अपनी हैसियत से ज्यादा पैसे खर्च किए और उन्हें अपना घर तक गिरवी रखना पड़ा। 5 फरवरी 2026 को अशोक की मौत हो गई। अधिकारियों के ऑफिस के चक्कर लगा रहा अशोक के भाई कृष्ण कुमार का कहना है कि भाई की तबीयत खराब होने पर उसे एंबुलेंस से मैनपुरी लाया गया था। परिवार पुलिस अधीक्षक से मिलकर उसकी हालत और इलाज के संबंध में मदद मांगना चाहता था, लेकिन वे मिल नहीं पाए। उनका आरोप है कि भाई की मौत के बाद से परिवार लगातार अधिकारियों के ऑफिस के चक्कर लगा रहा है। परिवार के मुताबिक, वे कई बार आवेदन दे चुके हैं। हर बार आवेदन लेकर कार्रवाई का भरोसा दिया जाता है, लेकिन बाद में पूछने पर जांच पूरी नहीं होने की बात कहते हैं। परिवार का दावा है कि जरूरी जांच रिपोर्ट पहले ही भेजी जा चुकी है। मुन्नी देवी का कहना है कि उनका छोटा बेटा अभी पढ़ाई कर रहा है और अशोक ही परिवार का खर्च चलाता था। वह छोटे भाई की पढ़ाई में भी मदद करता था। अब परिवार के सामने रोज के खर्च के साथ इलाज के लिए लिए गए कर्ज को चुकाने की भी दिक्कत है।
Read full article on Bhaskar