business
Ola Electric को PLI Scheme से 95.81 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन मंजूर, मंत्रालय ने दी हरी झंडी
ओला इलेक्ट्रिक को उत्पादन आधारित प्रोत्साहन योजना (पीएलआई-वाहन) के तहत 95.81 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन प्राप्त करने के लिए भारी उद्योग मंत्रालय से मंजूरी मिली है। ओला इलेक्ट्रिक ने बयान में कहा कि यह मंजूरी वित्त वर्ष 2026-27 के लिए पीएलआई-वाहन योजना के तहत मांग प्रोत्साहन से संबंधित है। इसके तहत भुगतान योजना के अंतर्गत राशि वितरित करने के लिए नामित केंद्रीय नोडल एजेंसी आईएफसीआई लिमिटेड के माध्यम से किया जाएगा। कंपनी ने कहा कि प्रोत्साहन पीएलआई-वाहन योजना के लागू नियमों और शर्तों के अनुसार मंजूर किया गया है, जिनमें समय-समय पर संशोधन किए गए हैं। ओला इलेक्ट्रिक के अनुसार, यह लगातार दूसरा वर्ष है जब उसे पीएलआई-वाहन योजना के तहत प्रोत्साहन मिला है। इससे पहले दिसंबर 2025 में वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 366.78 करोड़ रुपये के प्रोत्साहन की मंजूरी दी गई थी। ओला इलेक्ट्रिक के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘लगातार दूसरे वर्ष पीएलआई-वाहन योजना के तहत 95.81 करोड़ रुपये की मंजूरी कंपनी की विनिर्माण क्षमताओं और भारत में विश्वस्तरीय इलेक्ट्रिक वाहन प्रौद्योगिकी विकसित करने की प्रतिबद्धता की मजबूत पुष्टि है।’’ पीएलआई-वाहन योजना केंद्र सरकार की प्रमुख कार्यक्रमों में से एक है। इसका मकसद घरेलू विनिर्माण को मजबूत करना, उन्नत वाहन विनिर्माण प्रौद्योगिकियों को बढ़ावा देना और वाहनों तथा वाहन कलपुर्जा क्षेत्र में भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाना है।
Read full article on Prabhasakshi