politics
NSUI का प्रदर्शन, कहा-गड्ढों में सड़क, न कैंटीन न छात्रावास:छात्रों ने बैतूल कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा, समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
बैतूल के भैंसदेही स्थित वीर गंजन सिंह कोरकू शासकीय महाविद्यालय की समस्याओं को लेकर NSUI ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। विधानसभा अध्यक्ष निखिल सोनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर कॉलेज में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन में कॉलेज की टूटी सड़क का निर्माण कराने और सड़क के दोनों ओर ढक्कन वाली नालियां बनाने की मांग प्रमुखता से रखी गई। NSUI का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क के गड्ढों में पानी भर जाता है। इससे विद्यार्थियों को आवाजाही में परेशानी होती है और वाहन फिसलने का खतरा बना रहता है। प्रतिमा, कैंटीन और छात्रावास की भी मांग NSUI ने कॉलेज परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा लगाने और टूटे गांधी स्तंभ की मरम्मत कराने की मांग की है। इसके अलावा तैयार कैंटीन भवन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर उसे शुरू करने और विद्यार्थियों के लिए छात्रावास मंजूर करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। संगठन ने छात्रसंघ चुनाव सीधे प्रणाली से कराने की मांग भी रखी है। NSUI विधानसभा अध्यक्ष निखिल सोनी ने कहा कि कॉलेज की समस्याओं को लेकर पहले भी अधिकारियों को ज्ञापन दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यदि अब भी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो छात्रों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
Read full article on Bhaskar