education
नवयुग कन्या महाविद्यालय में ब्यूटीशियन प्रशिक्षण केंद्र शुरू:छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भाऊराव देवरस सेवा न्यास की पहल
लखनऊ के नवयुग कन्या महाविद्यालय में समर्थ भारत के भाऊराव देवरस सेवा न्यास द्वारा संचालित ब्यूटीशियन प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य नई शिक्षा नीति के तहत छात्राओं को व्यावसायिक कौशल से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना और मंगलाचरण के साथ हुई, जिसमें महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय उपस्थित रहीं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पवन सिंह चौहान (सदस्य विधान परिषद एवं अध्यक्ष, एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस), अति विशिष्ट अतिथि जितेंद्र प्रताप सिंह (संस्कृत भारती क्षेत्र प्रमुख), विशिष्ट अतिथि शंकर और मुख्य वक्ता ब्यूटीशियन ट्रेनर रजनी सिंह मौजूद रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ व्यावसायिक कौशल का होना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से छात्राओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के भी अवसर प्राप्त होंगे, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगी। प्राचार्य प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय ने बताया कि कौशल विकास कार्यक्रम विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यावसायिक दक्षता भी प्रदान करते हैं। उन्होंने इस प्रशिक्षण केंद्र को छात्राओं के सर्वांगीण विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में बीआर चौधरी, मनोज कुमार मिश्रा, रामकुमार तिवारी, उषा, बीना आनंद और संजय राय सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आईक्यूएसी कोऑर्डिनेटर प्रोफेसर संगीता कोतवाल, प्रोफेसर संगीता शुक्ला और प्रोफेसर वंदना द्विवेदी ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
Read full article on Bhaskar