crime
मऊगंज के मंदिर में तोड़फोड़:बिजली फिटिंग उखाड़ी, पुजारी की शिकायत पर केस दर्ज
मऊगंज जिले के बहेराडाबर गांव स्थित श्री हनुमान जी और दुर्गा माता मंदिर में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। मंदिर की 51 वर्षीय पुजारी लीलावती तिवारी ने ताला तोड़कर राधा-कृष्ण की मूर्ति को नुकसान पहुंचाने, बिजली की फिटिंग उखाड़ने और धार्मिक सामान बाहर फेंकने का आरोप लगाया है। पुजारी के अनुसार, 12 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे जब वे पूजा करने मंदिर पहुंचीं, तो ताला टूटा मिला। अंदर मूर्ति टूटी हुई थी, चालीसा और भगवान के फोटो बाहर पड़े थे। घटना की सूचना मिलते ही गांव के सरपंच विनय सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और घटनास्थल के फोटो-वीडियो बनाए। पुजारी को धमकी का आरोप पुजारी ने गांव के ही शिवांशू सिंह उर्फ शिब्बू सिंह चौहान पर तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। उनका यह भी आरोप है कि घटना वाली रात करीब 8 बजे आरोपी ने उनके घर आकर गाली-गलौज की और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दर्ज किया केस रविवार शाम पीड़ित पक्ष ने मऊगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मिले सबूतों और फोटो-वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Read full article on Bhaskar