top
मेधावी छात्र चयन परीक्षा में 85 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा:सोनभद्र में 10 विकासखंडों के छात्र हुए शामिल; कक्षा 8 में शौर्य ने किया टॉप
सोनभद्र के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में जनपद स्तरीय मेधावी छात्र चयन परीक्षा-2026 आयोजित की गई। इसमें जिले के सभी 10 विकासखंडों से कक्षा 3, 5, 6 और 8 के कुल 85 मेधावी विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें कक्षा 3 के 20, कक्षा 5 के 23, कक्षा 6 के 21 और कक्षा 8 के 21 विद्यार्थी शामिल रहे। परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, तार्किक सोच और आत्मविश्वास विकसित करना था। इसके साथ ही विद्यार्थियों को भविष्य में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना भी परीक्षा का प्रमुख उद्देश्य रहा। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए डीएलएड द्वितीय वर्ष के चार प्रशिक्षुओं ने पर्यवेक्षक और जांचकर्ता के रूप में जिम्मेदारी निभाई। प्रश्नपत्र डायट के विषय विशेषज्ञों ने तैयार किए थे। कक्षा 3 में नियति मौर्या प्रथम कक्षा 3 में करमा विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय गड़ईगाड़ की नियति मौर्या ने 40 में से 38 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। रॉबर्ट्सगंज के प्राथमिक विद्यालय मारकुंडी घाट के दिव्यांशु गोस्वामी 36 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे। परी, आकांक्षा गुप्ता और सुषमा ने 31-31 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। कक्षा 5 में करमा विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय सहदैया बैड़ाड़ के आयुष कुमार ने 34 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। सीमा कुमारी 33 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। अनुज सिंह और अंश कुमार ने 32-32 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान पाया। कक्षा 6 में गरिमा और भागीरथी संयुक्त प्रथम कक्षा 6 में गरिमा सिंह और भागीरथी ने 50 में से 37-37 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया। आयुष 32 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे। आयुष मौर्य और नंदनी ने 31-31 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। कक्षा 8 में शौर्य ने किया टॉप कक्षा 8 में रॉबर्ट्सगंज के उच्च प्राथमिक विद्यालय अखाड़ा मोहल्ला के शौर्य ने 42 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। आर्यन मौर्य 41 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे। आदित्य कुमार और अंकित राज ने 39-39 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। करमा विकासखंड का प्रदर्शन सबसे बेहतर विकासखंड स्तर के परिणामों में करमा 76.9 प्रतिशत प्रदर्शन के साथ पहले स्थान पर रहा। रॉबर्ट्सगंज 68.6 प्रतिशत के साथ दूसरे और म्योरपुर 67.2 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा। जिले का कुल प्रदर्शन 63 प्रतिशत रहा। इस अवसर पर शिक्षक संघ अध्यक्ष रवीन्द्र चौधरी ने परीक्षा की सराहना की। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देने की जिम्मेदारी लेने की भी घोषणा की। उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य रिद्धि पाण्डेय और बीएसए मुकुल आनंद पाण्डेय ने सफल विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन करने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
Read full article on Bhaskar