crime
मंदिर से 7 लाख नकदी,4 किलो चांदी चोरी का आरोप:कानपुर देहात श्रीरामजानकी आश्रम के महंत की मौत के बाद गद्दी का विवाद
कानपुर देहात के रनियां थाना क्षेत्र के बिलाई गांव स्थित श्रीरामजानकी मंदिर आश्रम से सात लाख रुपये की नकदी और करीब चार किलोग्राम चांदी के सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। मंदिर के महंत रामदास ने आश्रम से जुड़े एक युवक पर चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। महंत रामदास के मुताबिक, मंदिर के प्रमुख महंत मनमोहन दास बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती थे, जहां 26 जुलाई को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी थी। आरोप है कि कानपुर नगर के रेउना थाना क्षेत्र का एक युवक खुद को मनमोहन दास का शिष्य बताकर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने पहुंचा था। बाद में वह आश्रम भी आया। पुलिस ग्रामीणों से कर रही पूछताछ महंत का आरोप है कि उक्त युवक ने आश्रम के लॉकर में रखी करीब सात लाख रुपये की नकदी और चांदी का मुकुट, अड़बंद, चिमटा व थाली समेत करीब चार किलोग्राम चांदी का सामान चोरी कर लिया। शिकायत मिलने के बाद रनियां पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ग्रामीणों से पूछताछ की। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार गौतम के अनुसार, जांच के दौरान किसी भी व्यक्ति ने सात लाख रुपये की नकदी और चार किलोग्राम चांदी के सामान के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी। ऐसे में पुलिस ने मामले को प्रथम दृष्टया संदिग्ध माना है। पुलिस के मुताबिक, प्रमुख महंत मनमोहन दास के निधन के बाद मंदिर और आश्रम की गद्दी पर दावेदारी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है। इसी के चलते एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar