politics
मथुरा में जन्माष्टमी 2026 की तैयारियां:नगर आयुक्त ने समीक्षा बैठक कर दिए निर्देश
मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व-2026 के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए नगर निगम ने कमर कस ली है। मंगलवार को शाम करीब 5 बजे नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने सभी विभागाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक की और व्यवस्थाओं को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में सफाई, वॉल पेंटिंग, सिटी ब्यूटीफिकेशन, फसाड लाइटिंग, पेयजल, मोबाइल शौचालय, भंडारा पंजीकरण, ट्रैफिक, पार्किंग, अतिक्रमण हटाने, निराश्रित गोवंश प्रबंधन, कंट्रोल रूम, चिकित्सा, खोया-पाया केंद्र और प्रसादी वितरण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने भंडारा संचालकों के कम पंजीकरण पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी आयोजकों को 25 अगस्त से पहले अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने के निर्देश दिए, ताकि अंतिम समय में अव्यवस्था से बचा जा सके। मुख्य अभियंता (निर्माण) को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित आकर्षक वॉल पेंटिंग का कार्य समय से पहले पूरा करने और प्रमुख सड़कों की पेच मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। विद्युत एवं यांत्रिक अनुभाग को हाईमास्ट, सेमी हाईमास्ट, मिनी हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर उन्हें सुचारू रूप से संचालित करने को कहा गया। प्रमुख मार्गों और चौराहों को आकर्षक ढंग से सजाने, मंदिर मार्गों से अवैध बैनर-पोस्टर हटाने तथा फसाड और फोकस लाइट लगाने के निर्देश भी दिए गए। विद्युत पोलों पर इंसुलेटिव टेपिंग कराने पर विशेष जोर दिया गया। जल विभाग को जलभराव और पाइपलाइन लीकेज रोकने, पेयजल टैंकरों व मोबाइल शौचालयों के लिए स्थान चिन्हित करने तथा प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त प्याऊ लगाने के निर्देश दिए गए। मोबाइल शौचालयों की सफाई के लिए शिफ्टवार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने को भी कहा गया। नगर आयुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, सुनीता कुमारी, सहायक नगर आयुक्त नीरज शर्मा, अनुज कौशिक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Read full article on Bhaskar