politics
मंत्री-विधायक की तस्वीर वाले स्वागत-द्वार पर कांग्रेस ने उठाए सवाल:इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष बोले- क्या सभी के साथ एक जैसा व्यवहार करेगा निगम?
इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने मंत्री की तस्वीर वाले स्वागत द्वार को लेकर महापौर और नगर निगम कमिश्नर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि क्या महापौर और नगर निगम कमिश्नर में सभी के साथ एक जैसा व्यवहार करने की क्षमता है। दरअसल, चौकसे ने पूर्वी क्षेत्र में रसोमा चौराहे के पास लगे स्वागत द्वार पर आपत्ति जताई है। सामने आए वीडियो में उन्होंने कहा कि एक तरफ महापौर और नगर निगम कमिश्नर इंदौर को होर्डिंग और पोस्टर मुक्त करने की बात करते हैं, वहीं दूसरी तरफ मंत्री और विधायक की तस्वीरों वाला बड़ा स्वागत द्वार लगा हुआ है। उन्होंने सवाल किया कि क्या महापौर और नगर निगम कमिश्नर बीजेपी नेताओं के ऐसे सभी होर्डिंग और स्वागत द्वार हटवा पाएंगे। राहुल गांधी का छोटा पोस्टर भी लगा देंगे तो निगम टूट पड़ेगी चौकसे ने कहा कि राहुल गांधी के होने वाले कार्यक्रम का एक छोटा पोस्टर भी लगा दिया तो नगर निगम उस पर टूट पड़ेगी। उन्होंने कहा कि शहर की जनता को तय करना है कि बीजेपी के दबाव में नगर निगम के अधिकारी किस तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों के पास भ्रष्टाचार करने के अलावा कोई काम नहीं है। चौकसे ने कहा कि जब बीजेपी के बड़े नेताओं की तस्वीर वाले स्वागत द्वार और होर्डिंग-पोस्टर नहीं हट पा रहे हैं, तो इंदौर को होर्डिंग मुक्त बनाने की परिकल्पना कैसे की जा सकती है।
Read full article on Bhaskar