crime
मंत्री बोले- दिग्विजय सिंह बगैर शहद के छत्ते की तरह:जहरीली शराब पीड़ितों से मिले गोविंद सिंह; कहा- 3 दिन में मिलेगा मुआवजा
सागर के बंडा में जहरीली शराब से बीमार हुए लोगों का हाल जानने सोमवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह को उनकी पार्टी और हाईकमान गंभीरता से नहीं लेते। वे राजनीतिक सुर्खियों में बने रहने के लिए ट्वीट कर अनर्गल बयान देते रहते हैं। राजपूत ने उन्हें ‘ट्वीट मास्टर’ बताते हुए कहा कि वे बिना शहद के छत्ते की तरह हैं, जिसमें से शहद और मधुमक्खियां गायब हो गई हैं और अकेला छत्ता घूमता रहता है। मंत्री ने अस्पताल में मरीजों से मुलाकात की और तीन दिन के भीतर प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की बात कही। तीन मरीजों को आंखों में परेशानी, एम्स भेजा अस्पताल के निरीक्षण के दौरान मंत्री को तीन मरीजों की आंखों में गंभीर परेशानी की जानकारी मिली। इनमें सुनील विश्वकर्मा, सुल्तान सिंह और गोविंद अहिरवार शामिल हैं। मंत्री ने तत्काल तीनों को बेहतर उपचार के लिए भोपाल भेजने की व्यवस्था कराई। उन्होंने भोपाल एम्स के डॉक्टरों से फोन पर चर्चा कर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की। इसके बाद तीनों मरीजों को भोपाल भेजा गया। तीन दिन में मिलेगा मुआवजा मंत्री राजपूत ने कहा कि दूषित शराब के सेवन से जिन लोगों की मौत हुई है या जो प्रभावित हुए हैं, उनके परिवारों को तीन दिन के भीतर मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन पीड़ितों के पास संबल कार्ड नहीं है, उन्हें भी नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। सरकार इस घटना को गंभीरता से ले रही है। मरीजों और परिजनों से की मुलाकात मंत्री ने बीएमसी में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। चिकित्सकों से उपचार की स्थिति पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। जीतू पटवारी पर भी साधा निशाना कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयानों पर राजपूत ने कहा कि अभी उनमें बचपना है। उन्हें राजनीति में और गंभीर होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इतने गंभीर मामले में राजनीति करने के बजाय सभी को पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए। राहत पहुंचाने के लिए काम करना चाहिए। बोले- 25 साल की राजनीति में शराब का साथ नहीं दिया राजपूत ने कहा कि वे पिछले 25 साल से राजनीति में हैं। उन्होंने कभी जुआ, सट्टा और शराब जैसी सामाजिक बुराइयों का समर्थन नहीं किया। उन्होंने कहा कि न तो ऐसे लोगों को संरक्षण दिया और न ही किसी तरह की मदद की। राजनीति में रोजाना हजारों लोग मिलते हैं। लोग माला पहनाते हैं, फूल देते हैं और फोटो खिंचवाते हैं। केवल किसी के साथ फोटो होने से यह साबित नहीं होता कि उससे कोई घनिष्ठ संबंध है या उसे संरक्षण दिया गया। दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई मंत्री ने कहा कि जहरीली शराब मामले में दोषी कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शराब मामले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
Read full article on Bhaskar