top
मेरठ में बाइक चोर गैंग गिरफ्तार:चोरी की बाइक 4 हजार में खरीदकर बेचते थे पार्ट्स, 3 पकड़े गए
मेरठ के टीपीनगर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी कर उनके पार्ट्स बेचने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों नौशाद, हैदर और कासिम को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, कटे हुए पार्ट्स और वाहनों को अलग करने के औजार बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह चोरी की बाइक को मात्र 4 हजार रुपये में खरीदता था। इसके बाद उसे काटकर उसके पुर्जे दूसरी मोटरसाइकिलों में इस्तेमाल किए जाते थे या कबाड़ में बेच दिए जाते थे। यह कार्रवाई शुक्रवार को लिसाड़ी गेट के लक्खीपुरा निवासी मोहम्मद उमर द्वारा अपनी अपाचे मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद की गई। पुलिस ने जांच शुरू की और नौशाद (निवासी ए-1 कॉलोनी, लोहियानगर) तथा सगे भाई हैदर और कासिम निवासी मऊखास को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी से लेकर उसे ठिकाने लगाने तक का पूरा तरीका बताया। हैदर और कासिम मोटरसाइकिल व स्कूटर मैकेनिक हैं। उन्होंने बताया कि वे नौशाद से चोरी की मोटरसाइकिल 4 हजार रुपये में खरीदते थे। फिर उसे डिस्मेंटल कर उसके पार्ट्स दूसरी मोटरसाइकिलों में लगा देते थे और बचे हुए चेसिस व अन्य पार्ट्स को कबाड़ में बेच देते थे। नौशाद ने पुलिस को बताया कि वह विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी कर हैदर और कासिम को बेचता था। पुलिस अब आरोपियों द्वारा बताई गई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं का भी सत्यापन कर रही है। बरामदगी में एक सुपर स्प्लेंडर और एक अपाचे मोटरसाइकिल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 6 साइलेंसर, 4 पैनल, टायर सहित एक एलॉय व्हील और एक टंकी भी मिली है। पुलिस ने मोटरसाइकिल काटने और खोलने में इस्तेमाल होने वाले औजार भी बरामद किए हैं। मोहम्मद उमर की चोरी हुई बाइक को बेचकर मिली रकम में से 800 रुपये भी आरोपियों के पास से बरामद किए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नौशाद के खिलाफ टीपीनगर, लिसाड़ी गेट, खरखौदा और लोहियानगर समेत अन्य थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। हैदर पर भी पूर्व में मुकदमे दर्ज रहे हैं। पुलिस गैंग के बाकी आरोपियों को भी तलाश कर रही है।
Read full article on Bhaskar