top
मेरठ में 450 क्विंटल बारूद जब्त:मालिक लाइसेंस नहीं दिखा सका; शहर के बीचो-बीच मिला
मेरठ में शहर के बीचों-बीच बारूद का एक बड़ा जखीरा मिलने से पुलिस-प्रशासन हैरान रह गया। देहली गेट थाना क्षेत्र के कोटला बाजार में शनिवार देर शाम पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापा मारा। यहां से करीब 450 कुंतल बारूद जब्त किया गया। घनी आबादी के बीच इतनी भारी मात्रा में बारूद का भंडारण मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, आशीष गर्ग ने कोटला बाजार में एक गोदाम बना रखा था। यहां भारी मात्रा में बारूद जमा किया गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां से आतिशबाजी के लिए बारूद की सप्लाई की तैयारी चल रही है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने गोदाम पर छापा मारा। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में बारूद मिलने से अधिकारी भी चौंक गए। पुलिस ने गोदाम मालिक आशीष गर्ग से बारूद के भंडारण और कारोबार से संबंधित लाइसेंस मांगा। हालांकि, वह मौके पर लाइसेंस नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने जब्त माल को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर की घनी आबादी के बीच इतने बड़े बारूद के भंडार ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर यहां जरा सी भी चिंगारी भड़क जाती तो हालात गंभीर हो सकते थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम, सीओ कोतवाली संग्राम सिंह और देहली गेट थाना पुलिस मौके पर मौजूद है। पुलिस-प्रशासन की टीम जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गोदाम में बारूद कहां से आया, किसके जरिए पहुंचा और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि शहर के बीचों-बीच इतनी भारी मात्रा में बारूद किसकी निगरानी में जमा होता रहा। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। बता दें कि सिर्फ दो दिन पहले भी मेरठ में भारी मात्रा में बारूद जब्त किया गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने आतिशबाजी के कारोबार और बारूद के अवैध भंडारण पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की तस्वीर साफ होगी।
Read full article on Bhaskar