business
मुख्यमंत्री ने जनपद देवरिया में ₹305 करोड़ की 80 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने जनपद देवरिया में ₹305 करोड़ की 80 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास केएमबी वीरेंद्र पाण्डेय देवरिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मझौलीराज में जनपद देवरिया के सलेमपुर एवं भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्रों के विकास के लिए लगभग ₹305 करोड़ की लागत की 80 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं सहायता राशि वितरित की। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों पर आधारित विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री ने बाबा दीर्घेश्वर नाथ की पावन धरा को नमन करते हुए कहा कि देवरिया जनपद अपनी आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रवादी विरासत के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। प्रदेश सरकार इस गौरवशाली विरासत के संरक्षण के साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार विकास और जनकल्याण को साथ लेकर प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है। पारदर्शी एवं संवेदनशील शासन व्यवस्था के माध्यम से पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देवरिया में विकास के नए प्रतिमान स्थापित हो रहे हैं। जनपद में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए बाईपास एवं फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है। सिंगल लेन की सड़कों को डबल लेन, डबल लेन को फोर लेन तथा फोर लेन की सड़कों को सिक्स लेन में उच्चीकृत किया जा रहा है। इससे आवागमन सुगम होने के साथ ही क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवरिया में मेडिकल कॉलेज का निर्माण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मेडिकल कॉलेज का नाम महर्षि देवराहा बाबा के नाम पर रखा गया है। महर्षि देवराहा बाबा की आध्यात्मिक साधना लोककल्याण एवं राष्ट्रकल्याण के लिए समर्पित रही है। उनके नाम पर मेडिकल कॉलेज का नामकरण उनकी महान विरासत के प्रति सम्मान का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद में कंपोजिट विद्यालयों का निर्माण, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों का उच्चीकरण तथा ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के अंतर्गत बेसिक शिक्षा के विद्यालयों में व्यापक सुधार किया जा रहा है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत निःशुल्क कोचिंग की सुविधा प्रदान की जा रही है।उन्होंने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में लंबे समय से चुनौती बनी रही इंसेफेलाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए सरकार ने व्यापक स्तर पर कार्य किया है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, उपचार, रोकथाम, स्वच्छता एवं अन्य प्रभावी उपायों के परिणामस्वरूप इंसेफेलाइटिस से होने वाली बीमारी एवं मृत्यु पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। प्रत्येक बच्चे का स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का अर्थ है कि गरीब को बिना मांगे राशन, बिजली, आवास एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और युवाओं को रोजगार एवं सरकारी सेवाओं में नियुक्ति का अवसर प्राप्त हो। प्रदेश में लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। राशन वितरण व्यवस्था में तकनीक का उपयोग कर पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है तथा डिजिटल निगरानी के माध्यम से अनियमितताओं पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 27 से 29 अगस्त तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिलाओं के लिए तीन दिन की विशेष निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके तहत प्रत्येक बेटी, बहन एवं माता को एक सहयात्री के साथ निःशुल्क यात्रा का लाभ दिया गया। उन्होंने कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु की माताओं को भी उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को सरकारी नौकरी के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को नियुक्ति के अवसर मिल रहे हैं। पुलिस विभाग में विभिन्न पदों पर भर्ती तथा उपनिरीक्षक सहित विभिन्न विभागों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। होमगार्ड के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग एवं अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से भी युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर प्राप्त हो रहे हैं तथा शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ने के लिए प्रदेश में बड़ी संख्या में टैबलेट एवं स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। स्नातक अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों सहित पात्र युवाओं को बिना भेदभाव के योजना का लाभ दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो युवा अपना उद्यम स्थापित करना चाहते हैं, उनके लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, एमएसएमई, ओडीओपी सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता एवं प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवरिया की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं विकसित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। विभिन्न धार्मिक स्थलों के विकास एवं सुंदरीकरण के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने सलेमपुर एवं भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्रों की जनता को विकास परियोजनाओं के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुशासन एवं जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और विकास की प्रक्रिया में किसी भी क्षेत्र को पीछे नहीं रहने दिया जाएगा।
Read full article on Kmb News