crime
मक्का-तुअर के बीच गांजे की खेती करने पर पकड़ाया बुजुर्ग:बैतूल में 175 पौधे जब्त, 38.8 किलो गांजा मिला; दो लोग अब भी फरार
बैतूल के बीजादेही थाना क्षेत्र के ढोढरामउ गांव में पुलिस ने गांजे की अवैध खेती का पता लगाया है। पुलिस के अनुसार, खेत में मक्का और तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे उगाए गए थे। कार्रवाई में पुलिस ने 175 हरे पौधे जब्त किए हैं, जिनका कुल वजन 39 किलो 800 ग्राम बताया गया है। इस मामले में खेत मालिक प्रेमलाल काजले को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस ने बताया कि दो अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली थी कि ढोढरामउ निवासी प्रेमलाल काजले ने हरदु वाला टेकड़ा स्थित अपने खेत में बनी झोपड़ी के आसपास गांजे के पौधे उगा रखे हैं। जानकारी की जांच के लिए पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। तलाशी में मक्का और तुअर की फसल के बीच कई गांजे के पौधे मिले। पुलिस ने मौके पर कुल 175 पौधों को गिना। इनकी ऊंचाई करीब 3 से 8 फीट बताई गई है। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौलने पर पौधों का कुल वजन 39 किलो 800 ग्राम मिला। पुलिस ने नियमों के तहत दो नमूने लिए और बाकी पौधों को जब्त कर सील किया। जब्त गांजे के पौधों की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 56 हजार रुपए बताई गई है। बीजादेही थाने में अपराध क्रमांक 68/2026 दर्ज करके धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत जांच शुरू की गई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में एक आरोपी गिरफ्तार है और दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। यह कार्रवाई एसपी वीरेंद्र जैन के निर्देश पर एएसपी कमलेश खरपुसे और एसडीओपी शाहपुर सेफा हाशमी के मार्गदर्शन में हुई। थाना प्रभारी रामकुमार मीणा सहित बीजादेही पुलिस टीम की इसमें अहम भूमिका रही।
Read full article on Bhaskar