top
दो बाइकों की टक्कर, दो चचेरे भाइयों की मौत:महिला समेत दो घायल; लोलपुर से घर लौटते समय हुआ हादसा
गोंडा के नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नवाबगंज-तरबगंज मार्ग पर लौव्वाबीरपुर गांव के पास मंगलवार देर शाम करीब 6:30 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दंपति घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तीसरे भाई को छोड़कर घर लौट रहे थे दोनों तरबगंज थाना क्षेत्र के ताराडीह गांव निवासी परागदत्त (26) और उनका चचेरा भाई दीपक उर्फ दीपू (20) अपने तीसरे चचेरे भाई सुनील को लोलपुर छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे। मंगलवार देर शाम करीब 6:30 बजे जैसे ही वे नवाबगंज-तरबगंज मार्ग पर लौव्वाबीरपुर गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे में दंपति घायल टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची नवाबगंज पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परागदत्त और दीपक को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र (दनघटा गांव) निवासी शिवनाथ को हल्की चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी सरोज देवी के सिर में गंभीर चोट लगी है। सरोज देवी को इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक नंबर से हुई पहचान हादसे के बाद पुलिस ने वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए मृतकों की पहचान की और परिजनों को सूचित किया। दो नवयुवकों की मौत की खबर मिलते ही गांव और परिवार में मातम छा गया। "बाइकों की टक्कर में दो युवकों की मौत हुई है। रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उनकी पहचान कर परिजनों को सूचना दे दी गई है। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।"— अभय सिंह, थाना प्रभारी, नवाबगंज
Read full article on Bhaskar