crime
मैहर में नशीली कफ सिरप के साथ दो युवक गिरफ्तार:घर से बेच रहे थे कोरेक्स, फरार खरीददार का पुलिस को बताया नाम
मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली कफ सिरप के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 72 शीशी आनरेक्स कफ सिरप और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त कफ सिरप की कीमत करीब 14 हजार 508 रुपए और मोबाइल की कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है। रविवार को उपनिरीक्षक मिथलेश त्रिपाठी ने बताया कि 12 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसमें बताया गया कि पुरानी बस्ती अमरपाटन निवासी मोहम्मद सफीक उर्फ लाला अपने घर में नशीली कफ सिरप बेचने और सप्लाई करने के लिए रखे हुए है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर को घेर लिया। पुलिस ने मोहम्मद सफीक उर्फ लाला (28) और राहुल खटिक (28) को पकड़ा। दोनों पुरानी बस्ती अमरपाटन के रहने वाले हैं। तलाशी में उनके पास से 72 शीशी आनरेक्स कफ सिरप और दो मोबाइल फोन मिले। पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 11 सितंबर को अतुल पटेल से यह कफ सिरप खरीदी थी। अतुल पटेल कटिया खुर्द, थाना देहात का रहने वाला है। पुलिस ने अतुल पटेल को फरार आरोपी बताया है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट और ड्रग कंट्रोल एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। रविवार शाम को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर दोनों को केंद्रीय जेल सतना भेज दिया गया है। पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Read full article on Bhaskar