top
माघ मेला 2027 में नहीं होंगी प्रतियोगी परीक्षाएं:रेलवे ने दिया सुझाव, चार स्टेशनों पर रहेगा खास फोकस, भीड़ संभालने की तैयारी का बना प्लान
प्रयागराज में माघ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर रेलवे, सिविल और मेला प्रशासन की पहली बैठक हुई। यह बैठक गुरुवार को संकल्प सभागार में हुई, जिसकी अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने की। इसमें पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया, मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा समेत कई अधिकारी मौजूद थे। बैठक में लाखों श्रद्धालुओं के सुरक्षित और आसान आवागमन पर लंबी चर्चा हुई। अपर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार ने रेलवे की प्रस्तावित तैयारियों की जानकारी दी। सिविल और मेला प्रशासन ने भी ट्रैफिक व्यवस्था, भीड़ कंट्रोल और अन्य तैयारियों का प्लान पेश किया। इस दौरान विशेष ट्रेनें चलाने, यात्रियों की भीड़ को कंट्रोल करने, सुरक्षा, साफ-सफाई, पीने के पानी और अन्य यात्री सुविधाओं पर विचार किया गया। संभावित भीड़ और इमरजेंसी हालात को देखते हुए वैकल्पिक योजनाओं पर भी बात हुई, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही पर असर न पड़े। मेला यात्रियों के लिए प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, नैनी और सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन मुख्य केंद्र होंगे। इन स्टेशनों पर यात्रियों के आने-जाने, तय रास्ते, ट्रैफिक कंट्रोल और भीड़ मैनेजमेंट की व्यवस्था का प्लान बताया गया। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने सुझाव दिया कि माघ मेला के दौरान प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाएं न कराई जाएं। उन्होंने कहा कि इससे मेला यात्रियों के साथ स्थानीय लोगों के आने-जाने पर ज्यादा दबाव पड़ सकता है। बैठक में रेलवे और सिविल प्रशासन द्वारा मुख्य रेलवे स्टेशनों का मिलकर सर्वे कराने पर भी सहमति बनी। अधिकारियों ने बताया कि संयुक्त सर्वे के बाद आने-जाने, ट्रैफिक, भीड़ कंट्रोल और यात्री सुविधाओं से जुड़ी कमियों को पहचानकर समय रहते ठीक किया जाएगा। रेलवे और प्रशासन ने मिलकर और तय समय पर तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा मिल सके।
Read full article on Bhaskar