top
लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताने वाली महिला गिरफ्तार:जयपुर से पकड़ी गई बाउंसर; जाट महासभा नेता और यू-ट्यूबर को दी थी धमकी
शामली में पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताने वाली एक महिला बाउंसर को जयपुर से गिरफ्तार किया है। महिला पर अखिल भारतीय जाट महासभा के युवा जिलाध्यक्ष मुकुल चौधरी और यू-ट्यूबर नीरज को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, महिला ने फोन पर दोनों को धमकी दी थी। पुलिस ने उसके कब्जे से धमकी देने में इस्तेमाल मोबाइल भी बरामद किया है। तेरहवीं कार्यक्रम के बाद शुरू हुआ विवाद मामला हरियाणवी गायक अंकित बालियान की तेरहवीं के दौरान शुरू हुआ था। अंकित बालियान की हत्या के बाद मुकुल चौधरी और नीरज ने लॉरेंस बिश्नोई और गोगी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस के मुताबिक, इसी बात से महिला नाराज हो गई थी। महिला ने सोशल मीडिया पर नीरज का वीडियो देखा था। पुलिस के अनुसार, वीडियो में मुकुल द्वारा लॉरेंस के बारे में कथित तौर पर अपशब्द कहे जाने से महिला नाराज हुई। इसके बाद उसने सोशल मीडिया के जरिए नीरज का मोबाइल नंबर हासिल किया। फोन कर दोनों को दी धमकी पुलिस के मुताबिक, महिला ने नीरज और मुकुल को फोन किया। उसने लॉरेंस के बारे में कुछ भी कहने पर दोनों को जान से मारने की धमकी दी। 9 सितंबर को मुकुल चौधरी ने SP को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि एक अनजान नंबर से फोन आया था। फोन करने वाली महिला ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताया और धमकी दी। जयपुर से गिरफ्तार की गई महिला SP नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, जांच में धमकी देने वाली महिला की पहचान बिंदु देवी के रूप में हुई। वह मूल रूप से बिहार के बक्सर की रहने वाली है। फिलहाल जयपुर के विजयनगर में रह रही थी। पुलिस ने उसे जयपुर के करतारपुरा से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, बिंदु देवी मॉल समेत अन्य जगहों पर बाउंसर का काम करती थी। उसके चार बेटियां और एक बेटा हैं। पति से करीब 8 साल पहले तलाक हो चुका है। कहा- 8 साल से लॉरेंस को पति मानती हूं पुलिस पूछताछ में बिंदु देवी ने बताया कि तलाक के बाद से वह लॉरेंस बिश्नोई को अपना पति मानती है। उसने यह भी कहा कि वह आज तक लॉरेंस से नहीं मिली है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने कहा कि अगर कोई लॉरेंस के बारे में गलत बोलेगा तो वह उसका बदला लेगी। महिला ने अपने हाथ पर लॉरेंस बिश्नोई का नाम भी लिखवा रखा है। ‘दोषी है तो सजा दो, गलत मत बोलो’ पूछताछ के दौरान महिला लॉरेंस का बचाव करती रही। उसका कहना था कि अगर लॉरेंस ने अपराध किया है तो पुलिस उसे सजा दे। लेकिन किसी को उसके बारे में गलत बोलने का अधिकार नहीं है। पुलिस अब धमकी देने में इस्तेमाल मोबाइल, सोशल मीडिया संपर्क और महिला द्वारा किए गए फोन कॉल की भी जांच कर रही है।
Read full article on Bhaskar