politics
लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन:गौ मूत्र लेकर खरीदार ढूंढने निकले , प्रदर्शनकारी बोले - गौ मूत्र के नाम पर किसानों के साथ धोखा
लखनऊ में मंगलवार को हजरतगंज चौराहे पर गोमूत्र खरीद को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन किया। सपा नेता राज साहनी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में गोमूत्र की बोतलें, पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तख्ती लेकर आए जिसपर लिखा था 'गौ मूत्र कहां और किसको बेचें'। ‘गौ मूत्र खरीद प्रोजेक्ट छलावा’ प्रदर्शनकारियों ने बुलंदशहर में ₹10 प्रति लीटर की दर से गोमूत्र खरीदने के पायलट प्रोजेक्ट को लेकर सवाल उठाए। राज साहनी ने कहा कि गोमूत्र की बोतलें लेकर खरीदने वालों को ढूंढ रहे हैं, लेकिन कोई खरीददार नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार इस तरह के प्रोजेक्ट लाकर किसानों को भ्रमित कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम और समय पर खाद उपलब्ध कराने की जरूरत है। ऐसे प्रोजेक्ट किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हैं। बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा की मांग प्रदर्शनकारी प्रेम प्रकाश ने कहा कि गोमूत्र की आड़ में शिक्षा , स्वास्थ्य और महिला सुरक्षा पर पर्दा डाला जा रहा है। उत्तर प्रदेश में जेन जी से लेकर जेन अल्फा तक सड़कों पर है। सरकारी स्कूलों में ना किताबें हैं ना शिक्षक हैं । बारिश में स्कूलों की छत झरना बन जाती हैं। सरकार मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के बजाय गुमराह करने का काम कर रही है। हम लोग सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेंगे और आम जनता को बेहतर सुविधाएं दिलाएंगे। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच में जमकर धक्का मुक्की और झड़प हुई। पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं को टांग कर बस में भरकर इको गार्डन भेज दिया।
Read full article on Bhaskar