crime
खरगोन में खंडवा के 3 चोर गिरफ्तार:4 लाख की बिजली सामग्री और 12 लाख की पिकअप जब्त
खरगोन के जैतापुर थाना क्षेत्र में बिजली सामग्री चोरी के मामले में खंडवा के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 4 लाख रुपये की चोरी की सामग्री और घटना में प्रयुक्त 12 लाख रुपये मूल्य की पिकअप गाड़ी बरामद की है। थाना प्रभारी सुदर्शन कलोसिया ने बताया कि 8 अगस्त की रात खंडवा रोड स्थित मेहरजा फाटा के आगे ईस्पान इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के स्टोर से चोरी की शिकायत मिली थी। चोरों ने सुरक्षा फेंसिंग की जाली काटकर परिसर से एल्युमिनियम तार के दो बंडल और आइसोलेटर कॉपर रॉड चुराए थे। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसमें एक पिकअप वाहन (MP12GA1701) की संदिग्ध गतिविधि घटनास्थल के आसपास दिखाई दी। इसके आधार पर पुलिस ने युवराज पिता अभयसिंह चौहान (निवासी पीपराटी), राजपाल पिता हुकुमसिंह चौहान (निवासी रायट कूवाल) और रूपसिंह उर्फ विशाल पिता ओंकार यादव (निवासी खेड़ी खालवा, जिला खंडवा) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उनके कब्जे से करीब 4 लाख रुपये का चोरी का एल्युमिनियम तार और आइसोलेटर कॉपर रॉड, साथ ही चोरी में इस्तेमाल किया गया 12 लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन जब्त किया गया। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित संलिप्तता के संबंध में आगे की विवेचना कर रही है।
Read full article on Bhaskar