politics
खंडवा में गणेश विसर्जन को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट:पंधाना में आयोजकों की बैठक, जुलूस मार्ग और विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा इंतजाम जांचे
गणेश उत्सव के समापन पर होने वाले गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर खंडवा पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करना शुरू कर दिया है। सभी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एडिशनल एसपी महेंद्र तारणेकर ने पंधाना में झांकी आयोजकों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने विसर्जन जुलूस के मार्ग और विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और गोताखोर-रेस्क्यू व्यवस्था की समीक्षा की। संबंधित विभागों और स्थानीय आयोजकों से समन्वय कर जरूरी इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि, विसर्जन के दौरान निर्धारित स्थान और मार्ग का ही उपयोग किया जाए तथा प्रशासन-पुलिस की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन किया जाए। पंधाना में आयोजकों की बैठक, जुलूस मार्ग का भी निरीक्षण एएसपी शहर महेंद्र तारणेकर ने थाना पंधाना पहुंचकर गणेश उत्सव और आगामी प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने झांकी आयोजकों की बैठक लेकर जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने के निर्देश दिए। आयोजकों से कहा गया कि जुलूस में अनुशासन बनाए रखें और झांकी अथवा वाहन की निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को उस पर नहीं बैठाएं। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग भी निर्धारित नियमों के अनुसार करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने आयोजकों से किसी भी विवादित गतिविधि से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। इसके बाद एएसपी तारणेकर ने कस्बा पंधाना में गणेश विसर्जन जुलूस के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग पर यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा इंतजामों को देखा गया। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए गए। जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के साथ असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखने के लिए भी कहा गया। विसर्जन स्थलों पर प्रकाश, बैरिकेडिंग और रेस्क्यू व्यवस्था की जांच जिले के बड़े और छोटे विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों ने मौके पर ही निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर देखा कि श्रद्धालुओं की आवाजाही और प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो। विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पानी में प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी हादसे की स्थिति से निपटने के लिए गोताखोर और रेस्क्यू व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को आकस्मिक परिस्थितियों के लिए जरूरी इंतजाम पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील पुलिस अधिकारियों ने गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थान पर ही प्रतिमा विसर्जित करने की अपील की है। साथ ही नदी, तालाब या जलाशय में सुरक्षा मानकों की अनदेखी नहीं करने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने और पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
Read full article on Bhaskar