politics
केंद्रीय मंत्री बोले-देशवासियों के बलिदान-त्याग से मिली आजादी:भाजपा की यात्रा में दिखा देशभक्ति का जोश, दरगाह शरीफ के बाहर भी लहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को अजमेर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भाजपा की ओर से निकाली गई तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और सड़कों पर तिरंगे लहराए। यात्रा के दौरान दरगाह शरीफ के बाहर भी तिरंगा लगाकर देशभक्ति और कौमी एकता का संदेश दिया गया। तिरंगा यात्रा ने शहर में राष्ट्रप्रेम और भाईचारे का माहौल बनाया। अजमेर शहर में अलग-अलग संगठनों की ओर से देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए। भाजपा की ओर से जीसीए कॉलेज चौराहे से गांधी भवन तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। वहीं दरगाह के बाहर हर घर तिरंगा अभियान के तहत 786 राष्ट्रीय ध्वज बांटे गए। इस दौरान बालिकाओं ने देशभक्ति के तराने प्रस्तुत किए। जीसीए से गांधी भवन तक निकली तिरंगा यात्रा अजमेर शहर भाजपा की ओर से निकाली गई तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए। यात्रा का शुभारंभ भाजपा संगठन महामंत्री अजय कुमार, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना और अजमेर दक्षिण विधायक अनीता भदेल ने किया। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी भवन पहुंची। रास्ते में जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया गया। देशभक्ति गीतों और नारों से माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा। लाखों देशवासियों के बलिदान से मिली आजादी केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि लाखों देशवासियों के बलिदान और त्याग से देश को आजादी मिली है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगा यात्रा निकालना गौरव की बात है। विधायक अनीता भदेल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल पर्व मनाने का अवसर नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का दिन भी है। दरगाह के बाहर बांटे 786 तिरंगे दरगाह शरीफ के बाहर भी देशभक्ति और कौमी एकता का संदेश देखने को मिला। हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजक नवाब हिदायत उल्ला और हाजी मोहम्मद महमूद खान के नेतृत्व में स्थानीय लोगों और जायरीनों को 786 राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए गए। तिरंगा देश की आन, बान और शान बालिकाओं ने देशभक्ति के तराने प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान है। दरगाह शरीफ के बाहर इस तरह का आयोजन सकारात्मक संदेश देता है और राष्ट्रहित व देशप्रेम को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
Read full article on Bhaskar