top
कृषि विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट ड्राइव, आठ छात्रों का चयन
कृषि विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट ड्राइव, आठ छात्रों का चयन मेरठ। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में छात्रों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को कर्नाटका एग्रोकेमिकल्स, बेंगलुरु की ओर से विशेष प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किया गया। कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त के निर्देशन में आयोजित ड्राइव में 17 छात्रों ने भाग लिया, जिनमें से कंपनी ने आठ छात्रों का चयन किया। कंपनी के एचआर हेड डॉ. आसिफ अली ने छात्रों को संबोधित करते हुए बताया कि कर्नाटका एग्रोकेमिकल्स फर्टिलाइजर, बीज, ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों के क्षेत्र में कार्य कर रही है। कंपनी अपने कई उत्पादों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निर्यात भी करती है, जिससे किसानों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि विश्वविद्यालय के छात्रों से संवाद का अवसर मिला है और चयनित विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर कार्य करने का अवसर दिया जाएगा। विश्वविद्यालय के निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट डॉ. आरएस सेंगर ने बताया कि चयनित आठ छात्रों को कंपनी की प्रशासनिक स्वीकृति के बाद नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कुलपति के निर्देशन में विद्यार्थियों को अधिक से अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. सत्यप्रकाश ने किया। धन्यवाद प्रस्ताव डॉ. संजीव कुमार गुप्ता ने रखा।
Read full article on Newsprahari