top
किशनगंज में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप:युवक पर बहला-फुसलाकर अपहरण और दुष्कर्म का आरोप, FIR दर्ज
किशनगंज सदर थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि लड़की को बहला-फुसलाकर घर से ले जाकर दुष्कर्म किया गया। इस संबंध में नाबालिग के पिता ने शुक्रवार को किशनगंज सदर थाने में मुख्य आरोपी सहित छह नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है। नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गया दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, नाबालिग लड़की 4 अगस्त की रात को अपने घर से अचानक गायब हो गई थी। परिजनों ने जब खोजबीन की, तो उन्हें पता चला कि पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के एक थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा नाबालिग को जबरन बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। इसके बाद पीड़ित नाबालिग के परिजन आरोपी के घर पहुंचे और उनके परिवार से संपर्क किया। प्राथमिकी के मुताबिक, 6 अगस्त की रात को नाबालिग लड़की को उसके गांव के पास लाकर छोड़ दिया गया। आरोपी मोटरसाइकिल से साथ ले गया परिजनों का आरोप है कि घर लौटने के बाद नाबालिग काफी डरी और सहमी हुई थी। बाद में उसने अपने परिजनों को बताया कि एक आरोपी उसे मोटरसाइकिल से जबरन एक स्थान पर ले गया और वहीं उसके साथ दुष्कर्म किया। यह भी आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग की तस्वीरें खींचकर उसे घटना के बारे में किसी को बताने पर फोटो वायरल करने की धमकी दी थी। किशनगंज सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Read full article on Bhaskar