crime
कौशांबी में पेड़ से लटका मिला किशोर का शव:परिजनों लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
कौशांबी के करारी थाना क्षेत्र के बैशकांटी गांव के बाहर जंगल में बुधवार शाम करीब 6 बजे एक 14 वर्षीय किशोर का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान ज्ञान पासी के 14 वर्षीय पुत्र ननकू के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। परिजनों ने गांव के ही दूसरे समुदाय के लोगों पर ननकू की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह हत्या का मामला है। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पंचनामा की कार्यवाही पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। गांव में चर्चा है कि मंगलवार को एक पेड़ लगाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। परिजन इस पुरानी घटना को भी वर्तमान मामले से जोड़कर देख रहे हैं। करारी थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar