business
किराया जमा न करने वाले दुकानदारों को नोटिस:सीएमओ ने दिए निर्देश, समय पर किराया न देने पर आवंटन निरस्त
टीकमगढ़ नगर पालिका में मंगलवार शाम 5 बजे सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया ने समस्त शाखा प्रभारियों और कर्मचारियों की मासिक समीक्षा बैठक ली। इस दौरान विभिन्न शाखाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में नगर पालिका की दुकानों से संबंधित प्रीमियम और किराया राशि जमा न करने वाले दुकानदारों को अंतिम नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि निर्धारित समयावधि में राशि जमा न करने की स्थिति में नियमानुसार दुकान का आवंटन निरस्त कर पुनः नीलामी की कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा, अवैध कब्जा करने वाले लोगों से खाली कराई गई 55 दुकानों की नीलामी प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। सीएमओ ने सभी शाखा प्रभारियों को अपने-अपने विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा करने, लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने और शासन की योजनाओं व नगर पालिका के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। नगर में चल रहे निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया। लंबित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और संबंधित शाखा प्रभारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नगर के प्रमुख क्षेत्रों, वार्डों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। आगामी लोक अदालत को लेकर संबंधित शाखाओं को आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने, लंबित प्रकरणों और संबंधित अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण कराना है।
Read full article on Bhaskar