crime
करंट की चपेट में आने से किसान की मौत:कानपुर देहात में परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया, कार्रवाई की मांग
कानपुर देहात के देवरहाट थाना क्षेत्र के प्रेमपुर गांव में बुधवार शाम करीब 5 बजे खेत की ओर जा रहे किसान की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रास्ते में नीचे लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आने से दुर्गाप्रसाद को करंट लगा और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और ग्रामीणों में भी बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी है। परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बिजली के तार लंबे समय से नीचे लटक रहे थे। इसकी शिकायत संबंधित विभाग से कई बार की गई थी, लेकिन तारों को ठीक नहीं कराया गया। उनका कहना है कि यदि समय रहते बिजली के तारों की मरम्मत कर दी जाती तो हादसा टाला जा सकता था। परिजनों ने दोषी बिजली कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। पुलिस और बिजली विभाग की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Read full article on Bhaskar