top
क्राइम ब्रांच अधिकारी बन छात्र-छात्रा को लूटा, दो गिरफ्तार:मोबाइल छीनकर 14 हजार ट्रांसफर कराए थे, लूट में इस्तेमाल बाइक बरामद
आगरा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर नहर किनारे बैठे छात्र-छात्रा को क्राइम ब्रांच अधिकारी बताकर डराने-धमकाने और मोबाइल लूटने वाले दो आरोपियों को काकोरी पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने मोबाइल का लॉक खुलवाकर यूपीआई पासकोड हासिल करने के बाद स्कैनर के जरिए 14 हजार रुपए भी ट्रांसफर करा लिए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दोनों मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। इंस्पेक्टर काकोरी सतीश चंद्र राठौर के मुताबिक गोमतीनगर के निजामपुर मल्लौर निवासी मुदित यादव और उसकी महिला मित्र विश्वविद्यालय में छात्र हैं। दोनों 25 जुलाई की शाम करीब सात बजे बाइक से घूमते हुए कठिंगरा गांव के पास आगरा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर नहर किनारे रुके थे। आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और खुद को क्राइम ब्रांच का कर्मचारी बताया। छात्र-छात्रा को डराने-धमकाने लगे आरोपियों ने छात्र-छात्रा पर आपत्तिजनक गतिविधि में शामिल होने का आरोप लगाकर उन्हें डराना-धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों के मोबाइल फोन छीन लिए। विरोध करने पर मुदित के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने दोनों मोबाइल का लॉक खुलवाया और यूपीआई का पासकोड हासिल कर लिया। इसके बाद अपने स्कैनर पर 14 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित के मुताबिक स्कैनर पर जीशान नाम प्रदर्शित हो रहा था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। आरोपी किराये पर रिक्शा चलाते हैं जांच के दौरान पुलिस ने बारकोड और सर्विलांस की मदद से किसान पथ स्थित बबूरिया खेड़ा अंडरपास के पास से हरदोई के संडीला निवासी जीशान (23) और उन्नाव के आसीवन निवासी सहवान उर्फ शाबान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी किराये पर रिक्शा चलाते हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दोनों मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
Read full article on Bhaskar