politics
कानपुर में बाइक के कागज मांगने पर भाजपाइयों का हंगामा:पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगा, मॉल रोड जाम किया; 2 घंटे चला प्रदर्शन
कानपुर के फीलखाना में शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ता की बाइक सीज करने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच विवाद हो गया। चौकी इंचार्ज पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए भाजपाइयों ने मॉल रोड जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे गए। प्रदर्शन के दौरान करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हंगामे की सूचना पर एसीपी कोतवाली समेत फीलखाना और कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत लगाने की कोशिश की। इस दौरान भाजपाइयों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की वहीं, कार्यकर्ता कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद कार्रवाई के आश्वासन पर कार्यकर्ता शांत हुए और जाम खुल सका। मैत्री मैच खेलने के लिए जा रहे थे भाजपा कार्यकर्ता भाजपा उत्तर के जिला उपाध्यक्ष नवाब सिंह ने बताया कि फूलबाग स्थित क्रिकेट बॉक्स में भाजपा की ओर से मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए शुक्रवार दोपहर बिरहाना रोड निवासी भाजपा कार्यकर्ता रोहित जायसवाल अपनी बाइक से फूलबाग मैदान आ रहे थे। पटकापुर चौकी प्रभारी प्रशांत सिंह ने उनकी बाइक रोक ली। उन्होंने हेलमेट न लगाने पर बाइक रोक ली। कार्यकर्ता रोहित ने बाइक के पूरे कागजात दिखाते हुए चालान करने की बात कही, लेकिन चौकी प्रभारी कार्यकर्ता से अभद्रता करते हुए बाइक सीज कर दी। जानकारी पर मैत्री मैच में शामिल होने वाले भाजपा उपाध्यक्ष नवाब सिंह, मंडल अध्यक्ष दीपक शुक्ला, योगेश पांडेय, पार्षद आदर्श गुप्ता, मोनू गुप्ता, अमित गुप्ता समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। मॉल रोड जाम की, पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए भाजपा कार्यकर्ताओं ने मॉल रोड जाम कर पुलिस प्रशासन मुर्दबाद के नारे लगाए। इससे सड़क पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना पर फीलखाना और कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। कार्यकर्ता चौकी प्रभारी पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच बहस भी हुई। बाद में एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
Read full article on Bhaskar