politics
कन्नौज में बाबा दौलेश्वर महादेव की शाही सवारी:ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश राजपूत ने भी पालकी को कंधा दिया, भक्तों की भीड़ उमड़ी
कन्नौज के तिर्वा में सिद्धपीठ बाबा दौलेश्वर महादेव की शाही सवारी सोमवार दोपहर 2 बजे निकाली गई। बाबा की पालकी उठाने के लिये भक्तों में होड़ मची रही। यहां यूपी सरकार के ऊर्जा राज्य मंत्री ने भी पालकी को कंधों पर उठाया। सावन मास के दूसरे सोमवार को बाबा दौलेश्वर महादेव की भव्य शाही पालकी नगर भ्रमण पर निकाली गई। दौलेश्वर धाम मंदिर में पूजन-अर्चन के साथ पालकी की भ्रमण यात्रा शुरू हुई। ये यात्रा तिर्वा-ठठिया मार्ग से होते हुए कन्नौज-औरैया रोड पर पहुंची, जोकि ब्लॉक मुख्यालय के सामने से होते हुए क्रांति चौराहा से रोडवेज बस स्टैंड, गांधी चौक, खैरनगर रोड स्थित काली मंदिर तक पहुंची। जहां यात्रा का समापन हुआ। भोलेनाथ की शाही सवारी की पालकी थामने के लिए भक्तों में होड़ मची रही। यहां क्षेत्रीय विधायक और यूपी सरकार के ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश राजपूत, नगर पंचायत तिर्वागंज के चेयरमैन प्रतिनिधि सौरव गुप्ता, पूर्व चेयरमैन विनोद गुप्ता, प्रभात उर्फ लालू वर्मा, अभिषेक उर्फ रिंकू तिवारी, कुक्कू चौहान, आयुष गुप्ता समेत कई लोगों ने कंधे पर पालकी को उठाया। ढोल नगाड़ों के बीच यात्रा में सबसे आगे हाथों में ध्वज लिए युवाओं की टोली रही। इसके पीछे यात्रा में महिलाएं और पुरुष थिरकते हुए यात्रा में शामिल रहे। इस दौरान तिर्वा कोतवाली प्रभारी संजय शुक्ला पुलिस फोर्स के साथ सुरक्षा में डटे रहे। यात्रा को लेकर सुबह से ही सड़कों की साफ-सफाई का काम नगर पंचायत की ओर से कराया गया।
Read full article on Bhaskar