crime
कलश यात्रा में युवक की करंट लगने से मौत:परिजनों की शिकायत पर बिजली विभाग के अज्ञात अधिकारी पर केस
बिजनौर के किरतपुर क्षेत्र में कलश यात्रा के दौरान एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। जैन मंदिर चौराहे पर जलभराव के बीच बैंड की ठेली में करंट उतरने से यह हादसा हुआ। घटना में तीन अन्य लोग भी करंट की चपेट में आए। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक का अंतिम संस्कार मंगलवार को किया गया। यह घटना सोमवार को रस्तोगी धर्मशाला में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा की कलश यात्रा के दौरान हुई। यात्रा में सबसे आगे बैंड की ठेली चल रही थी। भारी बारिश के कारण जैन मंदिर चौराहे पर जलभराव की स्थिति थी। कलश यात्रा जब जलभराव वाले क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी सड़क के ऊपर से लटक रहा एक बिजली का तार बैंड की ठेली से छू गया। इससे ठेली में अचानक करंट फैल गया और उसे खींच रहे तीन-चार लोगों को जोरदार झटका लगा। बारिश में चौराहे पर होता है जलभराव इस हादसे में मोहल्ला जाटान निवासी त्रिभुवन राजपूत के 23 वर्षीय पुत्र प्रियांशु की मौके पर ही मौत हो गई। उसके अलावा, तीन अन्य लोगों को भी करंट का तेज झटका लगा, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी स्थान पर पहले भी ऐसी घटना हो चुकी है। 5 अगस्त 2025 को भी जैन मंदिर चौराहे पर जलभराव के कारण बिजली के करंट की चपेट में आने से मोहल्ला मलकान निवासी 18 वर्षीय अदनान की मौत हो गई थी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मामूली बारिश में भी जैन चौराहे पर जलभराव हो जाता है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जनप्रतिनिधियों से इस जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की कई बार मांग की गई है, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
Read full article on Bhaskar