top
क्लीनिक में महिला डॉक्टर का शव मिलने से सनसनी, सात माह पहले हुई थी शादी
क्लीनिक में महिला डॉक्टर का शव मिलने से सनसनी, सात माह पहले हुई थी शादी मेरठ। पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में रविवार सुबह 26 वर्षीय महिला चिकित्सक डॉ. खुशहाली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। उनका शव पल्लवपुरम फेस-दो की सर्विस रोड स्थित क्लीनिक के कमरे में पंखे से चुनरी के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए दावा किया है कि डॉक्टर के दोनों हाथ बंधे हुए थे। पुलिस फिलहाल हत्या और आत्महत्या समेत कई पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। जनवरी में हुई थी शादी, पति से चल रहा था विवाद डॉ. खुशहाली की शादी 14 जनवरी 2026 को टीपीनगर क्षेत्र के इरश गार्डन निवासी मयंक चौधरी से हुई थी। परिजनों के अनुसार शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। इसके बाद खुशहाली अपने मायके में रह रही थीं। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों की शादी शादी डॉट कॉम के माध्यम से हुई थी। मायके वालों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। चार माह से क्लीनिक चला रही थीं खुशहाली पल्लवपुरम फेज-दो की सर्विस रोड स्थित आयुर्वेदा एंड नेचुरल सेंटर में करीब चार माह से क्लीनिक चला रही थीं। रविवार सुबह करीब 6:15 बजे वह घर से क्लीनिक के लिए निकली थीं। कुछ समय बाद कर्मचारियों ने कमरे में उनका शव लटका देखा और परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस ने क्लीनिक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि खुशहाली के क्लीनिक पहुंचने के बाद वहां कौन-कौन आया और घटनाक्रम किस तरह हुआ। दिल्ली निवासी खुशहाली के तहेरे भाई अखिल ने आरोप लगाया कि उनके दोनों हाथ बंधे हुए थे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज से मौत की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस परिजनों और क्लीनिक से जुड़े लोगों से भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
Read full article on Newsprahari