politics
कांग्रेस संगठन में नियुक्ति की कवायद:कन्नौज में एक सप्ताह कांग्रेसियों की नब्ज टटोलते रहे पूर्व विधायक, 20 दावेदारों पर लिया फीडबैक
छत्तीसगढ़ के रायपुर पश्चिम से कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने एक सप्ताह तक कन्नौज में रहकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। यूपी कांग्रेस की ओर से उन्हें कन्नौज जिले का ऑब्जर्वर बनाकर भेजा गया था। अब उन्हें जिलाध्यक्ष और नगर अध्यक्ष पद के लिए मजबूत दावेदारों के नाम पार्टी हाईकमान के सामने रखने हैं। इसके बाद दोनों पदों पर नामों की घोषणा की जाएगी। सोमवार को दौरे के अंतिम दिन विकास उपाध्याय ने आशा होटल में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि पार्टी हाईकमान के निर्देश पर उन्होंने जिलाध्यक्ष और नगर अध्यक्ष पद के दावेदारों से मुलाकात की। इसके साथ ही कांग्रेस के पुराने नेताओं, वकीलों, व्यापारियों, किसानों और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों से भी बातचीत कर संगठन को मजबूत करने के सुझाव लिए। 20 नाम सामने आए, लोगों से लिया फीडबैक विकास उपाध्याय ने बताया कि जिलाध्यक्ष और नगर अध्यक्ष पद के लिए करीब 20 दावेदारों के नाम सामने आए हैं। सभी दावेदारों के संबंध में स्थानीय नेताओं और विभिन्न वर्गों के लोगों से फीडबैक लिया गया है। इस फीडबैक के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर पार्टी हाईकमान को सौंपी जाएगी। इसके बाद पार्टी नेतृत्व दोनों पदों के लिए नाम तय करेगा। विधानसभा चुनाव से पहले संगठन विस्तार पर जोर पूर्व विधायक ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में संगठन का विस्तार करने की तैयारी कर रही है। उद्देश्य है कि पार्टी को हर जिले में मजबूत और बेहतर स्थिति में खड़ा किया जाए। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए स्थानीय कार्यकर्ताओं और विभिन्न वर्गों के लोगों की राय को महत्व दिया जा रहा है। रिपोर्ट के बाद होगा पदाधिकारियों का फैसला एक सप्ताह के कन्नौज प्रवास के दौरान जुटाए गए फीडबैक और दावेदारों की स्थिति का आकलन कर रिपोर्ट हाईकमान को भेजी जाएगी। पार्टी नेतृत्व की मंजूरी के बाद कन्नौज जिलाध्यक्ष और नगर अध्यक्ष के नाम घोषित किए जाएंगे।
Read full article on Bhaskar