crime
कानपुर के पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में सड़क किनारे शव मिला:बगल में घायल युवक नशे की हालत में मिला, पास खड़े ट्रक के पहियों में लगा खून
पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार सुबह सड़क किनारे युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव से कुछ दूरी पर एक युवक घायल और नशे की हालत में मिला। पास खड़े ट्रक के पहियों पर खून के निशान मिले हैं। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। लोगों ने डायल 112 पर दी सूचना पनकी थाना क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में सोमवार सुबह लोगों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद पनकी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को शव से कुछ दूरी पर एक युवक घायल हालत में मिला। वह नशे में बताया जा रहा है। उसके पास एक ट्रक खड़ा था। ट्रक के पहियों पर खून के निशान देखकर पुलिस ने हादसे की आशंका जताई। ट्रक के आसपास मौजूद थे दोनों युवक? पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका है कि दोनों युवक रात में ट्रक के आसपास मौजूद थे। इसी दौरान किसी कारण से हादसा हुआ होगा। हालांकि पुलिस अभी हादसे के अलावा अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। घायल युवक को तत्काल निजी अस्पताल भेजा गया। वहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके से ट्रक को कब्जे में ले लिया है। फॉरेंसिक टीम की मदद से खून के निशान और अन्य साक्ष्यों की जांच कराई जाएगी। पहचान के लिए खंगाली जा रही सीसीटीवी फुटेज मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है। उसके पास से कोई पहचान पत्र या मोबाइल नहीं मिला। इससे उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज पनकी थाना प्रभारी दिनेश कुमार भिष्ट ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
Read full article on Bhaskar