politics
झांसी में नगर निगम ने हटाया अतिक्रमण:एक किलोमीटर तक जो भी काउंटर, होर्डिंग, बोर्ड रास्ते में आए जब्त किए
झांसी में कांवड़ यात्रा से एक दिन पहले नगर निगम के अतिक्रमण निरोधी दस्ते ने बुधवार को इलाइट चौराहा से इनकम टैक्स विभाग तक ताबड़तोड़ कार्रवाई की। करीब एक किलोमीटर के दायरे में सड़क किनारे मिले अतिक्रमण को हटाने के साथ ही सामान जब्त किया गया। इस दौरान कई लोगों के चालान भी काटे गए। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों और अतिक्रमण करने वालों को सामान समेटने तक का मौका नहीं मिला। 2 तस्वीर देखिए... गुरुवार को इलाइट चौराहा से कांवड़ यात्रा निकाली जानी है। इसमें हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसे लेकर मंगलवार को आयोजकों और जिला प्रशासन के बीच बैठक हुई थी। बैठक में यात्रा के दौरान इलाइट चौराहा पर भीड़ को देखते हुए सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की मांग की गई थी। इसके बाद नगर आयुक्त आकांक्षा राणा के निर्देश पर बुधवार को अतिक्रमण निरोधी दस्ता दो बुलडोजर और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर इलाइट चौराहा पहुंचा। टीम ने सबसे पहले इलाइट चौराहा से सीपरी बाजार जाने वाले रास्ते पर कार्रवाई शुरू की। सड़क किनारे लगे काउंटर, टेबल, ठेले और दुकानों के बोर्ड हटाए गए। इसके बाद जब्त सामान को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरवाया गया। टीम आगे बढ़ती गई और करीब एक किलोमीटर के दायरे में सड़क पर जहां भी अतिक्रमण मिला, उसे हटा दिया गया। वाहनों के भी काटे चालान कार्रवाई के दौरान दुकानों के बाहर रखे सामान के अलावा सड़क किनारे खड़े वाहनों पर भी नगर निगम की टीम ने कार्रवाई की। कई वाहनों के चालान काटे गए। अचानक हुई कार्रवाई से अतिक्रमण करने वालों में अफरा-तफरी मची रही। कार डेकोरेटर बने सबसे बड़ी चुनौती इलाइट चौराहा से सीपरी और वहां से इलाइट चौराहा आने वाले रोड पर नगर निगम के लिए सबसे बड़ी चुनौती सड़क किनारे कार डेकोरेशन का काम करने वाले हैं। इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप से लेकर नेशनल हाफिज सिद्दीकी स्कूल तक परशुराम चौराहा के आसपास सड़क पर ही कारें खड़ी कर दुकानदार कारोबार कर रहे हैं। यहां कारें सड़क तक खड़ी की जाने की चलते हर दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। हालांकि नगर निगम अबतक इस पर रोक नहीं लगा सका है। पहले जब्त किया सामान, फिर लौटाया नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाते हुए कृषि विभाग तक पहुंची। यहां सड़क किनारे खुले रेस्टोरेंट के बार ग्राहकों के बैठने के लिए दुकानदार ने कुर्सी टेबल डाल रखी थीं। टीम ने पहले यहां से सारा सामान जब्त कर लिया। लेकिन बाद में उसे लौटा दिया गया। ऐसे में अन्य दुकानदारों ने नगर निगम की कार्रवाई पर पक्षपात करने का आरोप लगाया।
Read full article on Bhaskar