politics
झाबुआ में तिरंगा यात्रा निकली:कलेक्टर-एसपी ने राष्ट्रीय ध्वज थामा, बोले- घरों और दुकानों पर तिरंगा लहराए
झाबुआ में बुधवार को 'हर घर तिरंगा अभियान' के तहत नगर पालिका परिषद ने तिरंगा यात्रा निकाली। इस यात्रा में कलेक्टर डॉक्टर योगेश तुकाराम भरसट और पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने हाथों में तिरंगा थामकर हिस्सा लिया और शहर के लोगों को एकता, अखंडता व देशभक्ति का संदेश दिया। यह यात्रा नगर पालिका परिषद दफ्तर से शुरू होकर शहर के मुख्य रास्तों से गुजरते हुए ऐतिहासिक राजवाड़ा चौक पर खत्म हुई। यात्रा के दौरान 'भारत माता की जय' के नारों और लहराते तिरंगों से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया। जनप्रतिनिधि और सफाई मित्र भी हुए शामिल यात्रा में नगर पालिका अध्यक्ष कविता सिंगार, पार्षदगण और राजस्व सभापति विजय चौहान मौजूद रहे। इनके साथ भारी संख्या में सरकारी अफसर, कर्मचारी और सफाई मित्र भी शामिल हुए। नगर पालिका अध्यक्ष ने आम जनता से इस अभियान से जुड़कर अपना राष्ट्रप्रेम दिखाने की अपील की। कलेक्टर ने की घरों और दुकानों पर तिरंगा फहराने की अपील कलेक्टर डॉक्टर योगेश तुकाराम भरसट ने लोगों से अपने-अपने घरों और दुकानों पर सम्मान के साथ तिरंगा फहराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन-बान-शान का प्रतीक है। इस अभियान का मकसद हर नागरिक के दिल में भारतीय होने का गर्व जगाना है। 'वंदे मातरम' की भावना से जुड़ा इस बार का अभियान कलेक्टर ने बताया कि इस साल 'हर घर तिरंगा अभियान' को राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' की भावना से जोड़ा गया है। राष्ट्रीय गीत की पंक्तियों के जरिए इसके गौरव और संदेश को हर घर तक पहुंचाया जा रहा है। इस मौके पर एसडीएम महेश मंडलोई, डिप्टी कलेक्टर सुनील डावर और सीएमओ मिलन पटेल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar