crime
जयपुर में मिठाई शॉप 'केसर' पर छापा:35 किलोग्राम खट्टा मावा नष्ट करवाया, 50 किलोग्राम मिल्ककेक का स्टॉक सीज
त्यौहारी सीजन शुरू होने के साथ ही फूड सेफ्टी विभाग और सीएमएचओ की टीमों को मिलावटी मिठाइयों की याद आ गई। जयपुर शहर में लगातार तीसरे दिन सीएमएचओ की टीम ने मिठाई की दुकान पर कार्रवाई करके खराब मावा नष्ट करवाया। साथ ही मिठाइयां जिस जगह बनाई जा रही थी, वहां गंदगी मिलने पर फर्म को इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। आज जयपुर सीएमएचओ सेंकेंड डॉ. मनीष मित्तल के निर्देशन में फूड सेफ्टी टीम ने दुर्गापुरा स्थित मिठाई शॉप 'केसर' पर छापा मारा। यहां से टीम ने 50 किलो मिल्क केक सीज किया और 35 किलो दूषित हो चुका मावा नष्ट करवाया। डॉक्टर मित्तल ने बताया कि टीम ने जब मिठाई शॉप के पास मौजूद कारखाने का निरीक्षण किया तो डीप फ्रिज में रखा मावा चैक किया। चखने पर मावा खट्टा निकला, जिससे मिठाइयां बनाने की तैयारी थी। मैनेजर ने भी मावा खराब होना स्वीकार किया। जिसके बाद टीम ने मावा का सैंपल लेकर 35 किलो मावा नष्ट करवाया। अलवर से मिल्ककेक मंगवाकर कर रहे थे बेचान टीम ने मिठाई कारखाने के बाद शॉप का भी दौरा किया। यहां टीम को दो कार्टन में अखबार में लपेटे हुए मिल्क केक के 20 पैकेट मिले। हर पैकेट में 2.5 किलोग्राम मिल्ककेक रखा था, जो त्यौहार पर गिफ्ट पैकेट तैयार करने के लिए बाहर से मंगवाया था। पूछताछ में सामने आया कि ये मिल्ककेक अलवर से मंगवाया था, जो 280 रुपए प्रतिकिलो की दर से खरीदा गया, जबकि इसे काउंटर पर 620 रुपए की दर से बेचा जा रहा था। दुकान के मैनेजर ने बताया- ये मिल्ककेक मिल्क पाउडर, वनीला फ्लेवर, चीनी, दूध से तैयार करवाया गया है। टीम ने इस मिल्ककेक में से कुछ सैंपल लेने के बाद स्टॉक को दुकान स्थित कोल्ड रूम में रखवाकर सीज कर दिया। इसके अलावा दुकान में ही तैयार की गई केसर काजू कतली का भी एक सैंपल जांच के लिए लिया गया।
Read full article on Bhaskar