top
ज्वैलर्स से लूट का 20 घंटे में खुलासा:एक आरोपी गिरफ्तार; चेन, तमंचा और 2 कारतूस बरामद
फिरोजाबाद में ज्वैलर्स की दुकान से सोने की चेन लूटने के मामले का पुलिस ने 20 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। शुक्रवार शाम 5 बजे सीओ चंचल त्यागी ने बताया कि पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से लूटी गई सोने की चेन, अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। वीडियो कॉल पर चेन दिखाने के बहाने लूट घटना गुरुवार दोपहर इटावा रोड स्थित पीपी ज्वेलर्स की है। कार सवार दो युवक दुकान पर पहुंचे थे। इनमें से एक ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुआ और वीडियो कॉल पर चेन दिखाने की बात कहकर दुकानदार से दो सोने की चेन ले लीं। इसके बाद आरोपी चेन लेकर दुकान से बाहर निकला और कार से फरार हो गया। दुकानदार ने पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भाग निकले। सीसीटीवी से आरोपियों तक पहुंची पुलिस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की तलाश में लगाई गई थीं। दुकान के साथ कठफोरी टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पुलिस को वारदात में इस्तेमाल टाटा नेक्सन कार के बारे में जानकारी मिली। चेकिंग के दौरान एक आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने शुक्रवार को दिहुली रोड स्थित नवनिर्मित कोल्ड स्टोरेज के पास चेकिंग के दौरान ईशु को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वेदपुरा जाटव बस्ती, इटावा का रहने वाला है। तलाशी में उसके पास से लूटी गई सोने की चेन, एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। गूगल से दुकान की जानकारी जुटाकर बनाई थी योजना सीओ चंचल त्यागी के अनुसार, गिरफ्तार ईशु और उसका साथी शातिर अपराधी हैं। दोनों ने गूगल के माध्यम से ज्वैलर्स की दुकान की जानकारी जुटाई और इसके बाद लूट की योजना बनाई। पूछताछ में ईशु ने अपने साथी का नाम अभिषेक निवासी नरहोली, थाना सैफई, इटावा बताया है। अभिषेक उसका मौसेरा भाई है और फिलहाल फरार है। 4 हजार रुपए रोज किराए पर ली थी कार पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल टाटा नेक्सन कार आरोपी ने 4 हजार रुपए प्रतिदिन के किराए पर ली थी। पुलिस अब दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। गिरफ्तार ईशु डी-फार्मा शिक्षित बताया गया है।
Read full article on Bhaskar