top
जींस को नकली कंपनी का बताने पर चलाई गोली:नाबालिग की ठोड़ी को छूकर निकली; घायल को अस्पताल भेजा
कासगंज में शुक्रवार शाम आवास विकास कॉलोनी में जींस की क्वालिटी को लेकर हुए विवाद में फायरिंग हो गई। आरोप है कि 25 साल के अनमोल भारद्वाज ने 15 साल के निशांत पर तमंचे से गोली चला दी। गोली निशांत की ठोड़ी को छूकर निकल गई। वह मामूली रूप से घायल हो गया। परिजन उसे सीएचसी अशोकनगर लेकर पहुंचे। उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जींस-शर्ट को लेकर हुआ था विवाद अनमोल भारद्वाज और निशांत के बीच निशांत की जींस-शर्ट को लेकर विवाद हुआ था। निशांत ने जींस को जायरा कंपनी का बताया। अनमोल ने उसे नकली कह दिया। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। मारपीट के बाद घर गया युवक बाद में विवाद बढ़ गया। निशांत के पिता की मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान के पास दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि निशांत ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर अनमोल की पिटाई कर दी। आरोप है कि इसी से नाराज होकर अनमोल शुक्रवार शाम करीब 6 बजे अपने घर गया। वहां से तमंचा लेकर वापस दुकान के पास पहुंचा। चाउमीन की ठेल के पास चलाई गोली आरोप है कि अनमोल ने दुकान के पास चाउमीन की ठेल के नजदीक तमंचे से गोली चला दी। गोली निशांत की ठोड़ी के बीच से रगड़ती हुई निकल गई। बारूद के असर से उसके सीने के ऊपरी हिस्से में भी हल्की जलन के निशान बताए गए हैं। सीएचसी में कराया गया इलाज फायरिंग में घायल निशांत को परिजन सीएचसी अशोकनगर लेकर पहुंचे। वहां उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Read full article on Bhaskar