crime
जान पर खेलकर छात्रा को बचाने वाले सेल्समैन होंगे सम्मानित:विदिशा कलेक्टर 10 हजार देंगे; 30 फीट से कूदी थी छात्रा, 150 मीटर तैरकर बचाया
नदी में आत्महत्या करने कूदी छात्रा को जान पर खेलकर बचाने वाले विनोद को कलेक्टर सम्मानित करेंगे। विनोद की बहादुरी पर विदिशा कलेक्टर ने बुधवार को उन्हें 10 हजार रुपए की पुरस्कार राशि और प्रशंसा पत्र देने की घोषणा की है। दरअसल उफनती बेतवा नदी में आत्महत्या का प्रयास कर रही 11वीं की छात्रा को बचाने के लिए रायसेन के विनोद पटेरिया ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी। करीब 150 मीटर तैरकर वे छात्रा तक पहुंचे और उसे बाहर निकालकर मौके पर मौजूद युवकों के साथ सीपीआर दिया। समय पर मदद मिलने से छात्रा की जान बच गई। पूजन सामग्री विसर्जित करने पहुंचे थे, तभी नदी में कूदी छात्रा विनोद पटेरिया रायसेन के वार्ड नंबर 13 शाखा ग्राउंड के पास रहते हैं और विदिशा की एक निजी कंपनी में सेल्स मैनेजर हैं। मंगलवार को ड्यूटी के लिए विदिशा जाते समय वे ग्राम सौठिया के पास बेतवा पुल पर रुके थे। वे घर की पूजन सामग्री नदी में विसर्जित करने गए थे। इसी दौरान उन्होंने पुल के पास एक लड़की को खड़े देखा। विनोद ने उससे बात करने की कोशिश की, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। विनोद के लौटने तक छात्रा नदी में छलांग लगा चुकी थी। उन्होंने आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी, लेकिन कोई नदी में उतरने के लिए तैयार नहीं हुआ। इसके बाद विनोद खुद नदी में कूद गए। 150 मीटर तैरकर छात्रा तक पहुंचे विनोद ने करीब 150 मीटर तैरकर छात्रा को बाहर निकाला। पानी भर जाने के कारण उसकी हालत गंभीर थी। मौके पर मौजूद दो अन्य युवकों के साथ उन्होंने छात्रा को सीपीआर दिया, जिसके बाद उसकी स्थिति संभली। छात्रा के बैग से मिले मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। विनोद ने पुलिस और एंबुलेंस को भी घटना की जानकारी दी। विनोद ने कहा कि उन्हें खुशी है कि वे समय पर मदद कर एक बच्ची की जान बचाने में सफल रहे।
Read full article on Bhaskar