politics
जमीनी कार्यकर्ता संगठन की रीढ़:सहारनपुर में पूर्व मंत्री राणा गुरजीत सिंह बोले- कांग्रेस धर्म और जाति की राजनीति नहीं करती
कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान को गति देने के उद्देश्य से एआईसीसी पर्यवेक्षक और पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत सिंह मंगलवार शाम चार बजे सहारनपुर पहुंचे। उनके साथ यूपीसी पर्यवेक्षक अजय चौधरी, मोहम्मद हामिद कोकब और कामेश रतन भी मौजूद थे। जिला कांग्रेस कार्यालय पर जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा और महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पर्यवेक्षकों का स्वागत किया। राणा गुरजीत सिंह ने जिला कार्यालय में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन सृजन अभियान की विस्तृत जानकारी दी। इसके उपरांत, उन्होंने बंद कमरे में जिला और महानगर अध्यक्ष पद के संभावित उम्मीदवारों से आवेदन पत्र लिए। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन को मजबूत बनाने के लिए उनके विचार और सुझाव भी सुने। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय, युवा व महिला सशक्तिकरण और सांप्रदायिक एकता जैसे राष्ट्रहित के मुद्दों पर सकारात्मक विचारधारा के साथ काम करती है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इन्हीं मुद्दों को लेकर सड़क से संसद तक संघर्षरत हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संघर्ष को मजबूत करने और संगठन सृजन के लक्ष्य को प्राप्त करने के उद्देश्य से ही पर्यवेक्षक सहारनपुर आए हैं। कार्यकर्ताओं से संवाद के बाद इसकी रिपोर्ट हाईकमान को सौंपी जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस धर्म और जाति की राजनीति नहीं करती, बल्कि सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। राणा गुरजीत सिंह ने जोर देकर कहा कि संगठन की असली ताकत जमीनी स्तर के कार्यकर्ता हैं। उनकी सक्रिय भागीदारी और सुझावों से ही संगठन सृजन अभियान सफल हो पाएगा। उन्होंने बताया कि पर्यवेक्षक जिले के सभी 11 ब्लॉकों और सात विधानसभा क्षेत्रों में जाकर कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा, महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी, मेहरबान आलम, चौधरी मुजफ्फर अली, गणेश दत्त शर्मा, नितिन शर्मा, अरविंद पालीवाल, प्रवीण चौधरी, अशोक सैनी, रजनीश प्रधान, वरुण शर्मा, गौरव वर्मा, श्वेता सैनी, मुनीष सहगल, भूपेंद्र सैनी, गुलशेर अल्वी, शेखर चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Read full article on Bhaskar