politics
जिले में दो चरणों में होंगे नगरीय निकाय चुनाव:डीग नगर परिषद में 11 सितंबर को वोटिंग, 14 को आएंगे चुनाव परिणाम
राज्य निर्वाचन आयोग ने बुधवार शाम 4 बजे नगरीय निकाय चुनावों का कार्यक्रम की घोषणा की। प्रदेश के नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं में चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर को और दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को होगा। दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर को कराई जाएगी। डीग नगर परिषद में 11 सितंबर को दूसरी चरण में वोटिंग होगी। इन चुनावों को राजस्थान की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 'एक प्रदेश-एक चुनाव' की दिशा में आगे बढ़ते हुए पहली बार प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में एक साथ चुनाव कराए जा रहे हैं। चुनाव की घोषणा के साथ ही टिकट के दावेदारों और राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ गई है। नगरीय निकाय चुनाव के लिए 27 अगस्त से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होगी। उम्मीदवार 31 अगस्त तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवारों को नाम वापस लेने के लिए 3 सितंबर तक का समय दिया गया है। नाम वापसी के बाद चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही इन नगरीय क्षेत्रों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। टिकट के दावेदारों ने पार्टी नेताओं से संपर्क बढ़ाना शुरू कर दिया है। राजनीतिक दल भी प्रत्याशियों के चयन और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।
Read full article on Bhaskar