crime
जंगली सूअर का शिकार, दो आरोपी गिरफ्तार:बांधवगढ़ में मानसूनी गश्त के दौरान वन अमले ने दबोचा, शव बरामद
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पतौर परिक्षेत्र में जंगली सूअर का शिकार कर मांस ले जा रहे दो व्यक्तियों को वन विभाग ने गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को 13 अगस्त को उमरिया जिला न्यायालय में पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। यह घटना 12 अगस्त की है, जब पतौर परिक्षेत्र की बीट पतौर-बी में वन अमला मानसूनी पैदल गश्त कर रहा था। गश्त के दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए, जिन्हें वनकर्मियों ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से लगभग तीन माह के जंगली सूअर का मृत शव एक गमछे में लिपटा हुआ मिला। मौके से दो कुल्हाड़ी भी बरामद की गईं। वरिष्ठ वन अधिकारियों को घटना की सूचना दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर पतौर परिक्षेत्र अधिकारी ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने जंगली सूअर का शिकार मांस खाने के उद्देश्य से किया था। इनको किया गिरफ्तार वन विभाग के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रामलाल उर्फ चूट्दनी बैगा (42) पुत्र बंगाली बैगा और सनी बैगा (20) पुत्र सुन्नी बैगा के रूप में हुई है। दोनों उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र के उमरिया बकेली निवासी हैं। वन विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। 13 अगस्त को उन्हें उमरिया जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व (बीटीआर) प्रबंधन इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रहा है।
Read full article on Bhaskar