crime
इंदौर में सफाईकर्मी महिला के साथ धोखाधड़ी:13 साल पुराने बैंक खाते से 2.80 लाख रुपए निकाले, महिला को बैंक पहुंचने पर पता चला
इंदौर के परदेशीपुरा इलाके में एक महिला के 13 साल पुराने बैंक खाते से 2 लाख 80 हजार रुपए धोखे से निकालने का मामला सामने आया है। महिला को इसकी जानकारी उस समय हुई, जब वह अपने बेटे के साथ बैंक पहुंची और खाते में रुपए जमा कराने के बाद बैलेंस पूछा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परदेशीपुरा पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मीबाई की शिकायत पर शुक्रवार को अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। लक्ष्मीबाई सफाई का काम करती हैं। उन्होंने बताया कि करीब 13 साल पहले उन्होंने स्टेट बैंक में खाता खुलवाया था। वह इसमें धीरे-धीरे अपनी बचत के रुपए जमा करती रही थीं। खाते में करीब 2 लाख 80 हजार रुपए जमा थे। लक्ष्मीबाई के मुताबिक, 11 जुलाई को वह अपने बेटे के साथ बैंक पहुंचीं। उन्होंने खाते में 30 हजार रुपए जमा किए और इसके बाद कैशियर से बैलेंस पूछा। कैशियर ने खाते में सिर्फ 30 हजार रुपए होना बताया। इस पर लक्ष्मीबाई ने बताया कि खाते में पहले से करीब 2 लाख 80 हजार रुपए जमा थे। बैंक से जानकारी लेने पर उन्हें बताया गया कि खाते से पहले ही रुपए निकाले जा चुके हैं। मोबाइल नंबर अपडेट होने के बाद निकली राशि इसके बाद लक्ष्मीबाई ने बिना जानकारी के खाते से रुपए निकाले जाने को लेकर स्टेट बैंक की परदेशीपुरा शाखा में आवेदन दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनके खाते में किसी अन्य व्यक्ति ने अपना मोबाइल नंबर अपडेट कराया था। इसके बाद खाते से रकम निकाली गई। लक्ष्मीबाई ने बैंक अधिकारियों पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस अब खाते में मोबाइल नंबर कब और किस प्रक्रिया से बदला गया, रकम किस माध्यम से निकाली गई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच कर रही है।
Read full article on Bhaskar