crime
इंजेक्शन लगते ही मरीज की 10 मिनट में मौत:मुरैना में परिजनों ने शव सड़क पर रख ट्रैक्टर से लगाया जाम
मुरैना शहर के मिल एरिया रोड स्थित कृष्णा हॉस्पिटल में सोमवार को उपचार के दौरान 55 वर्षीय मरीज की मौत हो गई। मृतक की पहचान रामदीन कुशवाह निवासी जारोनी के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि रामदीन को बुखार के इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन लगाने के कुछ ही देर बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और करीब 10 मिनट में उनकी मौत हो गई। सड़क पर ट्रैक्टर खड़ा कर लगाया जाम मरीज की मौत से नाराज परिजनों ने अस्पताल के बाहर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने ट्रैक्टर को सड़क पर तिरछा खड़ा कर रास्ता जाम कर दिया। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ। हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से चर्चा शुरू की। परिजन संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि इंजेक्शन लगाने के बाद ही मरीज की तबीयत अचानक बिगड़ी। पोस्टमार्टम कराने से फिलहाल इनकार परिजनों ने फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद होगी कार्रवाई सीएसपी दीपाली चंदेरिया ने बताया कि मामले में फिलहाल तथ्यों को एकत्रित किया जा रहा है। मृतक के परिजनों और संबंधित डॉक्टर का पक्ष लिया जाएगा। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल परिजनों से चर्चा कर मामले को शांत कराने और आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी है।
Read full article on Bhaskar