top
हरदोई में शुरू हुई दंडवत यात्रा:मनोज राठौर मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे जनसमस्याएं, शिक्षा स्वास्थ्य की बदहाली पर जोर
हरदोई जनपद की कोतवाली पिहानी क्षेत्र के जहानीखेड़ा चौकी के अंतर्गत हन्नपसिगवां गांव निवासी मनोज राठौर क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाने के संकल्प के साथ दंडवत यात्रा पर निकल पड़े। उन्होंने गांव से दंडवत करते हुए मुख्यमंत्री से मिलने का संकल्प लिया है। यात्रा के दौरान वह क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य की बदहाल व्यवस्थाओं समेत अन्य जनसमस्याओं को प्रमुखता से मुख्यमंत्री के समक्ष रखने की बात कह रहे हैं। यात्रा शुरू करने से पहले भाजपा नेता सतीश मौर्य के साथ श्रीराम, संकटमोचन हनुमान जी और मां दुर्गा का विधिवत पूजन किया। इसके बाद मनोज राठौर को तिलक लगाकर और चुनरी ओढ़ाकर यात्रा के लिए विदा किया गया। सतीश मौर्य ने उनकी यात्रा के सफल एवं मंगलमय होने की कामना की। इस दौरान विनय राठौर, विकास राठौर, मौजी लाल राठौर, विश्राम पुजारी, दिलीप गुप्ता, अवनीश यादव समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने मनोज राठौर का उत्साह बढ़ाते हुए उनकी यात्रा के सफल होने की शुभकामनाएं दीं।
Read full article on Bhaskar